आयुध निर्माणी के एक्सप्लोसिव डिपो में देर रात भभकी आग

  • रात 2:45 बजे की घटना, महाप्रबंधक ने घटना की जांच के लिए गठित की जांच समिति

जबलपुर। आयुध निर्माणी खमरिया के एक्सप्लोसिव डिपो (ईडीके) में बीती देर रात अचानक की आग लपेट उठने लगी। जिसके बाद पूरे क्षेत्र में आपात हूटर्र से गूंजने लगा। आग की रफ्तार को देखते हुए आसपास के संस्थानों से भी दमकल वाहनों को बुलाया गया। वहीं घटना की जानकारी लगते ही ओ एफ के महाप्रबंधक अशोक कुमार व अन्य अधिकारी भी पहुंच गए। अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार आयुध निर्माणी खमरिया के ईडीके में रात 2:45 बजे आग लगने की घटना घटित हुई। ईडीके एरिया फैक्ट्री परिसर से बाहर अवस्थित है। इस पर त्वरित कार्यवाही करते हुए फायर बिग्रेड के कर्मचारियों के द्वारा समय रहते काबू में कर लिया गया। घटना में कोई भी व्यक्ति घायल या हताहत नहीं हुआ है।

आग लगने के कारणों और नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि आयुध निर्माणी खमरिया के एक्सप्लोसिव डिपो रात को टावर नंबर 7 के पास टी-20 बिल्डिंग में अचानक आग भभक गई। बिल्डिंग में 15 साल पुराना माल रखा हुआ था। आग लगने की घटना के बाद तत्काल दमकल विभाग ने तत्परता दिखाते हुए लगभग 1 घंटे की मश्क्कत के बाद आग पर काबू पाने में सफलता हासिल की। बताया जा रहा है कि आग बुझाने के लिए दमकल विभाग की 12 गाडिय़ा लग गई। वहीं जानकारी यह भी है कि आग ईडीके के जंगल तक भी पहुंच गई थी, जिसके बाद वहां भी दमकल विभाग ने आग पर काबू पाने का काम किया। आग कैसे लगी अभी तक किसी को समझ नहीं आ रहा है। बताया जा रहा है कि मामले की जांच के लिए महा प्रबंधक ने एक जांच समिति का भी गठन किया है। महाप्रबंधक आयुध निर्माणी खमरिया अशोक कुमार ने बताया कि आयुध निर्माणी खमरिया के ईडीके में रात 2:45 मिनट पर आग लगने की घटना घटित हुई है। ईडीके एरिया फैक्ट्री परिसर से बाहर स्थित है। जानकारी लगते ही तत्काल दमकल विभाग के कर्मचारियों के द्वारा समय रहते काबू में कर लिया गया। घटना में कोई भी कर्मचारी घायल या हताहत नहीं हुआ है।

Leave a Comment