प्रियंका गांधी ने जनता से किए पांच वादे; मोदी, शिवराज-सिंधिया पर साधा निशाना

जबलपुर। प्रियंका गांधी मध्यप्रदेश की संस्कारधानी जबलपुर से आज चुनावी शंखनाद कर रही हैं। उन्होंने ग्वारीघाट पर मां नर्मदा का पूजन करने के बाद शहीद स्मारक में जनसभा को संबोधित किया।

220 महीनों में 225 घोटाले किए हैं: प्रियंका गांधी
प्रियंका गांधी ने मध्यप्रदेश में हुए घोटालों का जिक्र करते हुए कहा कि व्यापम घोटाला, राशन घोटाला, शिक्षक घोटाला, पुलिसभर्ती घोटाला, खंडन घोटाला, कोरोना घोटाला, बिजली विभाग घोटाला, ईं टेंडर का घोटाला, टीवी सेट का घोटाला कितने सारे घोटाले हैं, जो मोदी जी ने गालियों वाली जो लिस्ट निकाली उससे लंबी घोटालों की लिस्ट है। इन्होंने महाकाल कॉरिडोर को नहीं छोड़ा, नर्मदा मैया को नहीं छोड़ा। महाकाल मंदिर की मूर्तियों में भी पैसे खाए हैं। कहां जाकर रुकेंगे ये लोग। मैं आपसे पूछना चाहती हूं कि इन्हें संस्कारों की याद कब दिलाएंगे आप? 220 महीनों के कार्यकाल में 225 घोटाले किए हैं।

21 साल में केवल 21 नौकरियां दी हैं
प्रियंका ने शिवराज सरकार को घेरते हुए कहा कि पिछले चुनाव में हमारी सरकार बनी थी, लेकिन जोड़ तोड़ कर के, पैसे लगा कर भाजपा के नेताओं ने हमारी सरकार तोड़ी और अपनी सरकार बना ली। लेकिन सरकार बनाने के बाद कुछ अच्छा कर के दिखाते तो कुछ आपका फायदा होता। तीन साल में मात्र इन्होंने 21 सरकारी नौकरियां दी हैं। मैंने तीन बार ये आंकड़ा चेक कराया और तीन बार जवाब आया कि ये सही आंकड़ा है। तीन साल में मात्र 21 नौकरियां दिलाई हैं। अगर आप जागरूक नहीं होंगे और समझेंगे नहीं, तो ये जो रिश्वत राज चलाया है, जिसकी वजह से आपको छोटे से छोटे काम के लिए रिश्वत देनी होती है। इसे आप आज बंद नहीं करेंगे तो आपके भविष्य का क्या होगा।

प्रियंका ने साधा बीजेपी पर निशाना
प्रियंका गांधी ने शहीद स्मारक में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि जो वादा करता है वो कर के चला जाता है। बड़े वादे और घोषणाएं कर के लोग चुनाव जीत जाते हैं, लेकिन उन वादों को पूरा नहीं करते। मैं आपको पुरानी राजनीति की याद दिलाना चाहती हूं, वो जो कहते थे कर के दिखाते थे। आपकी सेवा सर्वोपरि होती थी। जो पिछले 18 सालों से आपके साथ हो रहा है वो गलत हो रहा है। आपका शोषण और इस्तेमाल हो रहा है। धनादेश के बल पर जनादेश को कुचला जा रहा है।

कमलनाथ ने शिवराज को दी चुनौती
15 वर्षों बाद प्रदेश में हमारी सरकार बनी थी, लेकिन बीजेपी ने सौदेबाजी से हमारी सरकार छीन ली। मैं भी सौदा कर सकता था, लेकिन मैं मध्यप्रदेश की पहचान सौदे से नहीं बनाना चाहता। शिवराज सिंह ने बीते तीन सालों में हमे मंहगाई दी, बेरोजगारी दी, माफिया राज दिया, बलात्कार दिया, घर-घर में शराब दी। ये शिवराज की उपलब्धि है। मैं उनसे मुकाबला नहीं कर सकता। मैं नाच नहीं सकता, मैं शिवराज सिंह को कलाकारी, घोषणाओं और गाने में नहीं हरा सकता। मैं शिवराज सिंह को चुनौती देता हूं मैं उन्हें सच्चाई में हरा सकता हूं। कमलनाथ ने कहा कि पांच महीने बाद कमलनाथ या कांग्रेस को मत देखना, अपने भविष्य को देखना।

शहीद स्मारक पहुंची प्रियंका
प्रियंका गांधी को मां नर्मदा को अर्पित की गई चुनरी और गणेश भगवान की प्रतिमा भेंट स्वरूप दी गई है। प्रियंका ने यहां मौजूद सभी लोगों के साथ मां नर्मदा को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया। गौरी घाट पर लोगों ने प्रियंका गांधी जिंदाबाद के नारे लगाए। नर्मदा पूजन के बाद अब वह शहीद स्मारक में जनसभा को संबोधित करेंगी।

गौरी घाट में जीत का आशीर्वाद लेने पहुंची प्रियंका
मां नर्मदा का पूजन करने के बाद अब प्रियंका गांधी जीत का आशीर्वाद लेने के लिए गौरी घाट पहुंची हैं। गौरीघाट में उनकी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। यहां बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद हैं। जबलपुर से प्रियंका गांधी ने मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव का शंखनाद कर दिया है। नर्मदा पूजन के बाद कुछ ही देर में वह भंवरताल गार्डन के लिए रवाना होंगी। जहां स्थित रानी दुर्गावती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित करेंगी।

Leave a Comment