राहुल गांधी कांग्रेस को खत्म करके रहेंगेः शिवराज सिंह चौहान

-पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज ने कर्नाटक में शरण बसवेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना कर परिसर में साफ-सफाई की, दीवार लेखन कर वृक्षारोपण किया

भोपाल (Bhopal)। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Former Chief Minister Shivraj Singh Chauhan) ने कहा कि कांग्रेस (Congress) ने कर्नाटक (Karnataka) और देश तबाह किया है और अब जनता ने यह ठान लिया है कि महात्मा गांधी (Mahatma Gandhi) का जो सपना था कि कांग्रेस खत्म कर दी जाए, उस कांग्रेस को इस चुनाव में खत्म करने का काम खड़गे के नेतृत्व में होगा और राहुल गांधी (Rahul Gandhi) इसे पूरा करेंगे।

शिवराज बुधवार को एक दिवसीय प्रवास के दौरान कर्नाटक के गुलबर्गा जिले के कलबुर्गी में भाजपा बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन (BJP booth workers conference) को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले उन्होंने कर्नाटक में शरण बसवेश्वर मंदिर में पूजन-अर्चन कर आशीर्वाद प्राप्त किया और मंदिर परिसर में साफ-सफाई की। साथ ही भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ दीवार लेखन किया और अपने प्रतिदिन पौधरोपण के संकल्प के तहत वृक्षारोपण भी किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भगवान बसवेश्वर की इस पवित्र धरती पर आ पाया हूं, मैं उन्हें प्रणाम करता हूं। दुनिया में लोकतंत्र का उदय इसी पवित्र धरती पर हुआ था। हम सब लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटे हुए हैं।

राहुल गांधी कांग्रेस को डिजॉल्व करेंगे

पूर्व मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि महात्मा गांधी की बात पंडित जवाहरलाल नेहरू ने नहीं मानी, लेकिन राहुल गांधी तो महात्मा गांधी के बड़े भक्त हैं। वे कांग्रेस को समाप्त करके ही मानेंगे, राहुल गांधी कांग्रेस को डिजॉल्व करके रहेंगे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का तो मानसिक संतुलन ही बिगड़ गया है। वह ऐसे बयान दे रहे हैं कि बनारस में बच्चे पीकर नाचते रहते हैं। आप किसका अपमान कर रहे हो, क्या इतने बड़े नेता को यह शोभा देता है कि आम नागरिक का अपमान करे।

खड़गे के नेतृत्व में दम नहीं

उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि आजकल खड़गे बहुत परेशान हैं और कह रहे हैं कि लोग कांग्रेस छोड़कर क्यों जा रहे हैं? खड़गे जबसे राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हैं, तबसे कांग्रेस की और भी ज्यादा दुर्गति हो गई है। इसलिए हर दिन कोई न कोई कांग्रेस छोड़कर जा रहा है। आपके नेतृत्व में दम ही नहीं है, जनता की आशाएं धूल दूषित कर दी हैं। आने वाले समय में राहुल गांधी जैसे नेता ही कांग्रेस में रहेंगे और कोई नहीं रहेगा। खड़गे ईडी, सीबीआई पर आरोप लगाते हैं, ईडी, सीबीआई वहीं जाती है, जहां भ्रष्टाचार और घोटाला होता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब समाप्ति की ओर है।

कांग्रेस की बुद्धि बिगड़ गई

पूर्व मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि कांग्रेस की तो बुद्धि बिगड़ गई है, विनाशकाले विपरीत बुद्धि। अयोध्या में रामलला का भव्य मंदिर बना, पूरा देश नहीं, पूरा विश्व प्रसन्न था। गांव-गांव में केसरिया पताकाएं सजाई गई, दीपक जलाए गए, आनंद का उत्सव मनाया गया। निमंत्रण सोनिया मैडम, खड़गे और राहुल बाबा को भी दिया गया कि तुम भी आओ, लेकिन उनके भाग फूटे थे, किस्मत में ही नहीं था, वो बोले… हम नहीं जाएंगे। कांग्रेस तो नरेन्द्र मोदी का विरोध करते-करते भगवान राम का ही विरोध करने लगी। कांग्रेसी कहते थे मंदिर वहीं बनाएंगे लेकिन तारीख नहीं बताएंगे। आज देखिए 22 जनवरी को आयोध्या में भव्य व दिव्य राममंदिर में प्राण प्रतिष्ठा हुई और रामलला विराजे।

400 पार का संकल्प

उन्होंने कहा कि इस बार प्रधानमंत्री मोदी ने लोकसभा चुनाव में 400 पार का लक्ष्य रखा है। भाजपा के अकेले 370 सीटें और एनडीए के 400 से भी ज्यादा सीटें जीतने का लक्ष्य है। मोदी को फिर से भारत का प्रधानमंत्री बनाना है। उन्होंने कहा कि इस बार कर्नाटक में 28 की 28 लोकसभा सीटें जीतना है। भाजपा ने वर्ष 2014 में 17 और वर्ष 2019 में 25 सीटें कर्नाटक में जीती थीं। अब 2024 में पूरी 28 सीटों पर एतिहासिक जीत दर्ज करना है। प्रधानमंत्री मोदी की गारंटी है कि वर्ष 2047 तक हमारा देश संपूर्ण विकसित भारत बनेगा। कर्नाटक में शानदार जीत हासिल कर खड़गे के आरोपों का जवाब देना है।

मोदी के नेतृत्व में नए भारत का निर्माण हो रहा है

पूर्व मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में नए भारत का निर्माण हो रहा है। भारत की अर्थव्यवस्था दुनिया की पांचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गई है और मोदी के तीसरे कार्यकाल में हमारी अर्थव्यवस्था दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगी। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत अब विश्व गुरू बनने जा रहा है।

शिवराज सिंह चौहान ने कर्नाटक में स्कूली छात्र-छात्राओं से भेंट कर उनसे चर्चा की। वहीं कलबुर्गी, बीदर और भंगुर में भाजपा बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि हर बूथ पर जुटना पड़ेगा। बूथ समितियां सभी हितग्राहियों और लाभार्थियों से संपर्क और संवाद करें। डोर टू डोर जाकर आम जनता को मोदी जी के जन-कल्याण की योजनाएं और विकास के बारे में विस्तृत जानकारी दें। लोकसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत से जीत हासिल कर नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार देश का प्रधानमंत्री बनाना है।

Leave a Comment