
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ( Akhilesh Yadav) ने कहा कि भाजपा सरकार (BJP government) ने चार वर्षों में प्रदेश को इतना बुरी तरह चौपट किया है कि यह बीस वर्ष पीछे चला गया है। वर्ष 2022 में सपा सरकार (SP government) बनते ही भाजपा के झूठ और फर्जी आंकड़ों (false And fake figures) की जांच होगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि तथाकथित प्रगति और विकास की असत्य कथा के प्रचार प्रसार पर भाजपा सरकार ने जो हजारों करोड़ रुपये अपव्यय किए हैं उनकी जांच हमारी सरकार में कराई जाएगी।
योगी सरकार के चार वर्ष पूरा करने पर अखिलेश यादव ने प्रतिक्रिया में कहा कि जो काम सपा सरकार के समय हो रहे थे और प्रदेश प्रगति तथा विकास के रास्ते पर रफ्तार पकड़ रहा था, उन कामों को भाजपा सरकार ने न केवल रोक दिया, बल्कि चल रही जनहित की योजनाओं में भी पलीता लगा दिया है। सच तो यह है कि विपदा के चार वर्षों में भी जश्न मनाने का अवसर भाजपा ने ढूंढ लिया है।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने किसानों के साथ बड़ा धोखा किया है। उन्हें फसल का न तो ड्योढ़ा मूल्य मिला और नहीं एमएसपी पर धान बिका। सपा सरकार के समय मंडियां बन रही थीं, भाजपा ने उन्हें रोक दिया। नौजवानों का भविष्य अंधेरे में है। शिक्षा-स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल हैं। अपराधी जेल में हैं तो अपराध क्यों हो रहे हैं। भाजपा ने समाज में नफरत फैलाकर सामाजिक तनाव पैदा किया है।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में रोजगार के झूठे आंकड़े पेश किए जा रहे हैं। प्रदेश में कई निवेशक सम्मेलनों के बावजूद सरकार बताए कि कितना निवेश आया और कौन सा नया उद्योग लगा। किस बैंक में किस उद्यमी को कर्ज मिला। लघु मध्यम उद्योग लगातार बंद हो रहे हैं। स्मार्टसिटी बन रही है तो प्रदूषण क्यों बढ़ता जा रहा है।उन्होंने कहा कि भाजपा का यह दावा कितना सतही है कि मां गंगा निर्मल हो गई हैं। गंगा और गाय के अभिशाप से भी भाजपा को डर नहीं लगता है। यमुना का पानी काला हो गया है।
अखिलेश यादव ने कहा कि सपा सरकार ने आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे बनाया, जिस पर युद्धक विमान उतरे। भाजपा एक भी एक्सप्रेस-वे नहीं बना पाई, पर उनका हल्ला मचा रही है। मेट्रो हमारी सरकार में लखनऊ में चली, भाजपा के चार साल में भी वह जहां तक चली थी, वहां से एक कदम आगे नहीं बढ़ सकी। वीवीआईपी जिलों वाराणसी और गोरखपुर तक में भी मेट्रो की पटरी नहीं बिछ सकी। उन्होंने कहा कि भाजपा अपने आंकड़ों के जाल बट्टे से विकास के चाहे जितने दावे करे, सच यह है कि उसने प्रदेश को बीमारू प्रदेश बना दिया है। (एजेंसी, हि.स.)
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved