खेल

एशियन गेम्स: हॉकी में भारत ने पाकिस्तान को हराया, 10 गोल जड़कर रचा इतिहास

नई दिल्ली। हांगझोऊ एशियाई खेलों (hangzhou asian games) में पुरुष हॉकी में भारत (India) ने पाकिस्तान (Pakistan) को 10-2 से रौंद दिया है। हरमनप्रीत सिंह (Harmanpreet Singh) की अगुआई में टीम इंडिया ने लगातार चौथी जीत हासिल की। इसी के साथ भारत ने सेमीफाइनल के लिए भी क्वालिफाई कर ली है। अब भारत का आखिरी पूल-ए मुकाबले में बांग्लादेश से सामना होगा। टीम इंडिया के लिए कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने चार गोल दागे, जबकि वरुण ने दो गोल दागे। ललित, शमशेर, मनदीप और सुमित ने एक-एक गोल किया। यह भारत-पाकिस्तान हॉकी मैच में पहली बार है जब दोनों में से किसी एक टीम ने 10 गोल दागे हैं। भारत ने यह कीर्तिमान रचा है।

पहले क्वार्टर में भारत ने आठवें मिनट में ही पहला गोल दाग दिया था। मनदीप सिंह ने फील्ड गोल किया और टीम इंडिया को 1-0 की बढ़त दिला दगी। इसके बाद 11वें मिनट में पाकिस्तानी गोलकीपर के फाउल पर भारत को पेनल्टी स्ट्रोक मिला। इस पर कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने गोल दाग भारतीय टीम को 2-0 से आगे कर दिया। पहले क्वार्टर में भारतीय टीम ने 2-0 की बढ़त बना रखी थी।

दूसरे क्वार्टर में 17वें मिनट में भारत के कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर पर ड्रैग फ्लिक से शानदार गोल किया और टीम इंडिया की बढ़त 3-0 की कर दी। इसके बाद 30वें मिनट यानी दूसरे क्वार्टर के आखिरी क्षणों में सुमित, ललित और गुरजंत की जुगलबंदी से भारत ने चौथा गोल स्कोर किया। हाफटाइम तक भारत ने पाकिस्तान पर 4-0 की बढ़त बना ली थी।


तीसरे क्वार्टर में 33वें मिनट में पाकिस्तान के फाउल पर भारत को एक और पेनल्टी स्ट्रोक मिला। इस पर कप्तान हरमनप्रीत ने गोल दाग गोल की हैट्रिक पूरी की। इसके बाद 34वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर ड्रैग फ्लिक से गोल दाग हरमनप्रीत ने गोल का चौका लगाया। 38वें मिनट में पाकिस्तान के सुफियान मोहम्मद ने पेनल्टी कॉर्नर पर ड्रैग फ्लिक से शानदार गोल दागा। यह पाकिस्तान का मैच में पहला गोल रहा। इसके बाद 41वें मिनट में भारत के वरुण कुमार ने सुखजीत के पास पर शानदार गोल दागा और भारत की बढ़त 7-1 कर दी। इसके बाद तीसरे क्वार्टर के आखिरी क्षणों में पाकिस्तान के अब्दुल ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल दाग पाकिस्तान की वापसी कराई। तीसरे क्वार्टर में भारत ने पाकिस्तान पर 7-2 की बढ़त बना रखी थी।

चौथे क्वार्टर में 46वें मिनट में भारत के शमशेर ने शानदार फील्ड गोल दागा। यह भारत का इस मैच में आठवां गोल रहा। इसके बाद 49वें मिनट में ललित उपाध्याय ने जरमनप्रीत सिंह के पास पर गोल दाग भारत की बढ़त 9-2 की कर दी। 53वें मिनट में वरुण ने मैच का अपना दूसरा और भारत का 10वां गोल दागा।

भारत का प्रदर्शन शानदार रहा है और उसने पूल-ए में अब तक तीनों मैच जीते हैं। वहीं, पाकिस्तान की टीम ने भी पूल लेग में अपने तीनों मैच जीते हैं। भारतीय टीम शानदार फॉर्म में है। उसने पूल-ए के अपने मुकाबले में उज्बेकिस्तान को 16-0 से हराया था। इसके बाद हरमनप्रीत सिंह की अगुआई वाली टीम ने सिंगापुर को 16-1 से हराकर लगातार दूसरी जीत हासिल की थी। फिर टीम इंडिया ने 2018 एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता जापान को 4-2 से हराकर जीत की हैट्रिक लगाई। वहीं, पाकिस्तान ने पूल-ए के अपने पहले में सिंगापुर को 11-0, बांग्लादेश को 5-2 और उज्बेकिस्तान को 18-2 से हराया था।

Share:

Next Post

इंदौर मेट्रो के ट्रायल रन को CM शिवराज ने दिखाई हरी झंडी, मेट्रोपॉलिटन सिटी बनाने का किया ऐलान

Sat Sep 30 , 2023
इंदौर (Indore)। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Chief Minister Shivraj Singh Chauhan) ने आज मेट्रो के ट्रायल के लिए पहले पूजन किया और फिर मेट्रो को हरी झंडी दिखाई। इसके बाद खुद कोच में बैठकर सुपर कॉरिडोर स्टेशन 3 तक सफर किया और मेट्रो को लेकर चर्चा भी की। वे पायलट केबिन में भी पहुंचे। वहां […]