विदेश

पाकिस्तान के अत्याचार को भूला नहीं बंगलादेश

  • पाकिस्तान ने अभी तक माफी भी नहीं मांगी
  • पाक प्रधानमंत्री इमरान खान ने शेख हसीना से की थी फोन पर बात

ढाका। पाकिस्तान इन दिनों अपने आका चीन के कहने पर बंगलादेश से दोस्ती बढ़ाने की कोशिश कर रहा है। पाकिस्तान भले ही पांच दशक पुरानी घटना भूल गया हो, लेकिन बंगलादेश का जख्म आज भी हरा है। बंगलादेश के विदेश मंत्री ने कहा है कि पाकिस्तान 30 लाख लोगों का नरसंहार और लाखों महिलाओं से बलात्कार बांग्लादेश भूला नहीं है। पाकिस्तान ने अभी तक इसके लिए माफी भी नहीं मांगी है।
भारत के खिलाफ एजेंडे को बढ़ाने के लिए चीन की चाल के तहत पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने 22 जुलाई को बंगलादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना से फोन पर बात की थी। बताया गया कि दोनों प्रधानमंत्रियों के बीच बाढ़ और कोविड-19 महामारी के अलावा द्विपक्षीय सहयोग और बेहतर संबंधों को लेकर भी बात हुई। पाकिस्तान ने कश्मीर मुद्दे को भी उठाया। राजनीतिक विश्लेषक  उत्सुकता से बंगलादेश की ओर नजर टिकाए हुए हैं कि उसका अगला कदम क्या होगा। हालांकि, कई जानकारों का मानना है कि बेहद खराब इतिहास की वजह से इस्लामाबाद और ढाका के बीच बेहतर संबंध संभव नहीं है। यदि बंगलादेश पाकिस्तान के कॉल का सकारात्मक रूप से जवाब देता है तो इससे भारत-चीन तनाव पर उसका स्टैंड साफ हो जाएगा।
एक जानकारी के अनुसार बंगलादेश के विदेश मंत्री एके अब्दुल मेनन ने कहा, ”उन्होंने (इमरान खान) कोविड-19 और बाढ़ की स्थिति पर बातचीत के लिए फोन किया। यह कुछ और नहीं, सामान्य शिष्टाचार बातचीत थी। यह अच्छा है यदि वे (पाकिस्तान) हमसे रिश्ते सुधार सके।” लेकिन इसके साथ ही मेनन ने यह भी कहा कि मुक्ति युद्ध के दौरान पाकिस्तान द्वारा 30 लाख बंगलादेशियों का नरसंहार और लाखों महिलाओं का बलात्कार को देश भूला नहीं है।
मेनन ने आगे कहा कि 1971 मुक्ति युद्ध के दौरान पाकिस्तान ने नरसंहार किया, लेकिन इसके लिए अभी तक माफी नहीं मांगी है। हम सभी के साथ दोस्ती रखना चाहते हैं, लेकिन यह कैसे संभव है यदि वह माफी नहीं मांग सकते हैं। ढाका के साथ रिश्ते को सामान्य बनाने के लिए इस्लामाबाद जोर लगा रहा है। उसने हाल ही में बंगलादेश युद्ध अपराध को लेकर कुछ प्रस्ताव स्वीकार किए और मानवता के खिलाफ अपराध के दोषी पाए गए कुछ लोगों को सजा भी दी, लेकिन यह भी आरोप लग रहे हैं कि पाकिस्तान बंगलादेश में अशांति फैलाने के लिए घरेलू राजनीति में हस्तक्षेप कर रहा है।
बंगलादेश के जहाज राज्य मंत्री खालिद महमूद चौधरी ने कहा कि बंगलादेश और पाकिस्तान सार्क देशों में शामिल हैं। दक्षिण एशिया के मुद्दों को लेकर दो प्रधानमंत्री कभी भी बात कर सकते हैं। हालांकि, हमारे बीच कुछ अनसुलझे मुद्दे हैं। यदि वे हमारे साथ रिश्तों को मजबूत करना चाहते हैं, तो पहले उन्हें सुलझाना होगा।

 

Share:

Next Post

आधी हो गई रिपोर्ट की संख्या, 10 के स्थान पर अब 5 केस दर्ज हो रहे हैं रोज

Mon Jul 27 , 2020
कोरोना काल में वाहन चोरी पर लगा ब्रेक  इदौर। शहर में पिछले कुछ सालों से वाहन चोरी पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई थी। हर रोज 10 के लगभग वाहन चोरी के केस दर्ज होते थे, लेकिन कोरोना काल में इस पर ब्रेक लगा है। अब रोजाना 5 के लगभग वाहन चोरी की रिपोर्ट दर्ज […]