
भोपाल। राजधानी में होली के अवसर पर बुधवार को पूरे उल्लास के साथ होली का त्योहार मनाया गया। शहर की सड़कों पर हुरियारों की मस्ती नजर आई। वहीं कई स्थानों से रंगारंग चल समारोह भी निकाले गए। सुबह आठ-नौ बजे से शहर में आज धुलेंडी की धूम नजर आने लगी। शहर के अलग-अलग इलाकों में बच्चे पिचकारियों से एक-दूसरे के साथ होली खेलने निकले। बड़े लोग भी होली के रंग में रंगेे नजर आए । रंगों के इस पर्व पर शहर रंगों से सराबोर नजर आया। लोगों ने एक-दूसरे को रंग-अबीर-गुलाल लगाकर होली की बधाई दी। बच्चे भी पिचकारियों से एक दूसरे पर रंग बरसाते हुए झूमते-खिलखिलाते नजर आए। ढोल-नगाड़े, डीजे की धुन पर शहर की कालोनियों में जगह-जगह सामूहिक रूप से होली कार्यक्रमों का आयोजन हुआ।
जगह-जगह पुलिस चेकिंग
बुधवार को होली के साथ शब-ए-बारात पर्व भी था। इस मौके पर पुलिस ने विशेष सुरक्षा इंतजाम किए हैं। जगह-जगह पुलिस ने चेकिंग प्वाइंट्स बनाए हैं। पुलिस ने होली पर शराब पीकर माहौल खराब करने वालों पर कार्रवाई करने की तैयारी की है। पुलिस तेज रफ्तार से वाहन चलाने वालों या हुड़दंग मचाने वाले युवाओं को रोककर उन्हें समझाइश दे रही है।
फोओ
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved