img-fluid

बिहार: फोन नहीं दिलाया तो घर से भागी, महिला ने रेडलाइट एरिया में बेचा

November 09, 2026

पूर्णिया: मां ने मोबाइल फोन नहीं दिलाया तो नाराज होकर घर से निकली एक नाबालिग बच्ची को क्या पता था कि घर से भागने का उसका फैसला उसे मानव तस्करों के खतरनाक जाल में पहुंचा देगा. घर से नाराज होकर निकली बच्ची पहले सिलीगुड़ी रेलवे स्टेशन पहुंची. यहां उसे पार्लर में नौकरी दिलाने का सपना दिखाया गया, लेकिन नौकरी के नाम पर उसे ऐसा दलदल मिला, जहां से निकलना उसके लिए मुश्किल हो गया.

आरोप है कि महिला उसे अपने साथ ले गई और बाद में पूर्णिया लाकर बेच दिया गया. इसके बाद बच्ची से जबरन देह व्यापार करवाया जाने लगा. यह पूरा मामला पूर्णिया के मरंगा थाना क्षेत्र के हरदा रेडलाइट एरिया से जुड़ा है. अरुणाचल प्रदेश की रहने वाली इस नाबालिग बच्ची को पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर मुक्त कराया है. मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

पुलिस के अनुसार, 6 नवंबर 2026 को डीएसपी विशेष अपराध, पूर्णिया के कार्यालय में आवेदन प्राप्त हुआ था. इसमें सूचना दी गई थी कि मरंगा थाना क्षेत्र के हरदा रेडलाइट एरिया में अरुणाचल प्रदेश की एक नाबालिग बच्ची को लाकर जबरन देह व्यापार करवाया जा रहा है. मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल वरीय पुलिस अधीक्षक को इसकी जानकारी दी गई. उनके निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई.


  • इसमें डीएसपी विशेष अपराध, महिला थाना, मानव व्यापार निरोध इकाई (AHTU) और मरंगा थाना की पुलिस को शामिल किया गया. विशेष टीम ने पहले ग्राहक के रूप में एक पुलिसकर्मी को भेजकर सूचना एकत्रित की. सूचना के आधार पर हरदा रेडलाइट एरिया में छापेमारी की. इस दौरान पुलिस को मौके पर तीन पुरुष और एक महिला आपत्तिजनक स्थिति में मिले. घटनास्थल से इस्तेमाल किए हुए और नए कंडोम के कई पैकेट भी बरामद किए गए.

    पुलिस ने महिला से लापता नाबालिग बच्ची के बारे में पूछताछ की तो पता चला कि बच्ची को हरदा से मुफस्सिल थाना क्षेत्र के आगा खान टोला दूसरे ठिकाने पर भेज दिया गया है. इसके बाद पुलिस ने उस स्थान को चिह्नित कर मुफस्सिल थाना के सहयोग से दोबारा छापेमारी की. दूसरे ठिकाने पर पुलिस की छापेमारी की भनक लगते ही अफरा-तफरी मच गई. मौके पर मौजूद कई लोग भागने लगे.

    इसी दौरान बाइक से फरार होने की कोशिश कर रहे एक महिला और एक पुरुष को पुलिस ने पकड़ लिया. वहीं, घटनास्थल से भाग रही एक बच्ची को भी बरामद किया गया. पुलिस ने बच्ची से उसका नाम, पता और उम्र पूछी. उपलब्ध तस्वीर से मिलान करने पर पुष्टि हुई कि बरामद बच्ची वही है, जिसकी तलाश की जा रही थी. इसके बाद पुलिस ने उसे सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया.

    पूछताछ में बच्ची ने जो कहानी बताई, वह बेहद चौंकाने वाली है. पुलिस के अनुसार, बच्ची ने बताया कि उसकी मां ने उसे मोबाइल फोन नहीं दिलाया था. इसी बात से नाराज होकर वह घर छोड़कर निकल गई और सिलीगुड़ी रेलवे स्टेशन पहुंच गई. स्टेशन पर उसकी मुलाकात एक महिला से हुई. महिला ने उसे पार्लर में काम दिलाने का प्रलोभन दिया और अपने साथ घर ले गई. इसके बाद बच्ची को पूर्णिया लाया गया.

    पुलिस के मुताबिक, यहां उसे आफताब खान उर्फ अंकित तिवारी के हाथों 50 हजार में बेच दिया गया, जहां उससे जबरन देह व्यापार करवाया जा रहा था. इस तरह मोबाइल फोन को लेकर घर से निकली बच्ची कथित तौर पर मानव तस्करी के जाल में फंस गई. पुलिस ने इस मामले में कुल छह अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए FSL टीम को भी सूचित किया गया है.

    Share:

  • मैं नर्क नहीं जाना चाहता, धार्मिक हूं इसलिए स्वर्ग ही जाऊंगा: ट्रंप

    Mon Nov 9 , 2026
    डेस्क: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का हाल ही में दिया गया एक इंटरव्यू खूब सुर्खियां बटोर रहा है. CBS के ’60 मिनट्स’ शो में जब पत्रकार रॉस डौथैट ने उनसे जीवन और मृत्यु को लेकर सवाल पूछे, तो ट्रंप ने कहा वह नर्क नहीं जाना चाहते हैं. वह एक धार्मिक इंसान हैं, इसलिए उन्हें उम्मीद […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved