
पटना। बिहार के पुलिस महकमे की तेज तर्रार आईपीएस अधिकारी और दरभंगा ग्रामीण की SP काम्या मिश्रा ने नौकरी से इस्तीफा दे दिया है। काम्या मिश्रा ने निजी कारणों से इस्तीफा दिया है। इस्तीफे की कॉपी उन्होंने पुलिस हेडक्वार्टर को भेजी है। हालांकि पुलिस मुख्यालय ने अभी इस्तीफे को मंजूरी नहीं दी है। काम्या मिश्रा लेडी सिंघम के नाम से मशहूर हैं। वह मूल रूप से ओडिशा की रहने वाली हैं और बचपन से ही वह पढ़ाई में काफी होशियार थीं। उन्होंने 12वीं की परीक्षा 98 फीसदी अंक से पास की थी। इसके बाद उन्होंने पहले ही अटेम्प्ट में यूपीएससी की भी क्रैक कर लिया। वह महज 22 साल की उम्र में आईपीएस अधिकारी बन गई थीं।
काम्या ने दिल्ली यूनिवर्सिटी के मशहूर लेडी श्रीराम कॉलेज से ग्रेजुएशन किया और उसी दौरान यूपीएससी की तैयारी शुरू कर दी। साल 2019 में उन्होंने इस परीक्षा में 172वीं रैंक हासिल की और इंडियन पुलिस सर्विस (IPS) के लिए उनका चयन हुआ। शुरुआत में उन्हें हिमाचल कैडर मिला था लेकिन फिर उन्होंने अपना ट्रांसफर बिहार कैडर में ले लिया। काम्या मिश्रा के पति अवधेश सरोज भी IPS अधिकारी हैं। वह 2021 बैच के बिहार कैडर के पुलिस अधिकारी हैं। इस कपल की शादी उदयपुर में हुई थी। काम्या के पति अवधेश ने आईआईटी बॉम्बे से बीटेक भी किया था।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved