वॉशिंगटन। अमेरिका के बदनाम फाइनेंसर जेफ्री एपस्टीन (Financier Jeffrey Epstein) से जुड़ी फाइलों में लगातार बड़े और चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। इन दस्तावेजों में अब माइक्रोसॉफ्ट (Microsoft) के सह-संस्थापक और कभी दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति रहे बिल गेट्स का नाम भी सामने आया है। एपस्टीन द्वारा लिखे गए एक ईमेल में गेट्स (Bill Gates) पर उनकी कथित पूर्व प्रेमिका की आर्थिक मदद न करने का आरोप लगाया गया है।
अमेरिकी न्याय विभाग द्वारा साझा किए गए दस्तावेजों के मुताबिक, एपस्टीन ने यह आरोप बिल गेट्स के सलाहकार बोरिस निकोलिक को लिखे एक ईमेल में लगाया था। एपस्टीन ने दावा किया कि रूसी ब्रिज खिलाड़ी मिला एंतोनोवा ने उससे संपर्क कर अपनी खराब आर्थिक स्थिति की जानकारी दी थी।
ईमेल में एपस्टीन ने लिखा कि करीब 2010 के आसपास बिल गेट्स और मिला एंतोनोवा के बीच संबंध थे। उसने लिखा,
“तुम्हारा दोस्त बिल पागल है। उसकी पूर्व गर्लफ्रेंड एयर कंडीशनर तक नहीं खरीद सकती, ब्रिज खेलने के लिए यात्रा का खर्च नहीं उठा सकती और एक दोस्त के सोफे पर रहने को मजबूर है। उसे सच में पैसों की जरूरत थी।”
एपस्टीन ने यह भी दावा किया कि उसने खुद एंतोनोवा को आर्थिक मदद भेजी थी। मेल के अंत में उसने कटाक्ष करते हुए लिखा,
“दुनिया का सबसे अमीर आदमी इतना कंजूस है कि उसकी पूर्व ब्रिज गर्ल और खिलौना एक दोस्त के सोफे पर रहती है। वाओ।”
बिल गेट्स और मिला एंतोनोवा की मुलाकात
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बिल गेट्स और मिला एंतोनोवा की मुलाकात 2009 में वॉशिंगटन डीसी में हुई थी। उस समय गेट्स की उम्र 53 साल थी, जबकि मिला उनसे लगभग 30 साल छोटी थीं। बिल गेट्स ब्रिज गेम के शौकीन माने जाते हैं और साल में तीन बार होने वाले बड़े टूर्नामेंट्स में हिस्सा लेते रहे हैं।
बताया जाता है कि जिस दौरान दोनों के कथित संबंध थे, उस समय बिल गेट्स की शादी मेलिंडा गेट्स से थी।
एपस्टीन से संपर्क कैसे हुआ?
अमेरिकी न्याय विभाग का आरोप है कि बिल गेट्स के करीबी बोरिस निकोलिक ने ही 2013 में मिला एंतोनोवा की पहचान एपस्टीन से करवाई थी। इसके बाद एपस्टीन ने एंतोनोवा की आर्थिक मदद की। हालांकि, 2017 में एपस्टीन ने यह पैसा बिल गेट्स से वापस मांगा था।
पहले भी आ चुके हैं गंभीर आरोप
गौरतलब है कि एपस्टीन फाइल्स में अमेरिका और दुनिया भर की कई प्रभावशाली हस्तियों के नाम सामने आ चुके हैं। बिल गेट्स ने पहले स्वीकार किया है कि उनका एपस्टीन से संपर्क रहा था, लेकिन उन्होंने यह भी कहा है कि उन्हें उसके साथ बिताए हर पल का पछतावा है।
कुछ समय पहले आई रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया था कि गेट्स के रूसी महिलाओं के साथ संबंध थे, जिसके कारण उन्हें यौन रोग (STD) हुआ और वही संक्रमण उनकी पत्नी तक पहुंचा। इन रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया कि गेट्स ने इलाज के लिए एपस्टीन से दवाओं की मांग की थी।

©2026 Agnibaan , All Rights Reserved