
नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव आज बुधवार को अपना जन्मदिन मना रहे हैं. उन्हें जन्मदिन की शुभकामना देने वालों में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और मायावती जैसे प्रदेश के शीर्ष नेता भी शामिल रहे. हालांकि अगले साल राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले पड़े अखिलेश के जन्मदिन पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपने जन्मदिन की शुभकामना में बड़ा सियासी मैसेज देने की कोशिश की है.
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने आज अखिलेश को दिए अपने शुभकामना संदेश में सियासी तड़के को भी शामिल करने की कोशिश की. कांग्रेस और समाजवादी पार्टी दोनों इंडिया गठबंधन का हिस्सा हैं और अगले साल यूपी में होने वाले चुनाव में मिलकर चुनाव लड़ने की तैयारी में है. हालांकि सीट शेयरिंग को लेकर दोनों ओर से नेताओं के बयान लगातार सामने आ रहे हैं.
लेकिन राहुल गांधी ने अखिलेश के जन्मदिन पर पीडीए का जिक्र कर दोनों पक्षों को अपना संदेश दे दिया. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपने पोस्ट में कहा, “अखिलेश जी को जन्मदिन की बहुत-बहुत बधाई. PDA की हिस्सेदारी से सामाजिक न्याय का संकल्प हम मिल कर पूरा करेंगे. अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाल जीवन के लिए शुभकामनाएं.”
समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश राज्य की सियासत में पीडीए का ही नारा लंबे समय से लगाते रहे हैं. अखिलेश की पीडीए (PDA) का मतलब है पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक. यह अखिलेश का ही पीडीए रहा जिसने 2024 के लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को जोर का झटका दिया था, और राज्य की सबसे अधिक सीट जीत कर सभी को चौंका दिया था.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved