
नई दिल्ली: दिल्ली के पालम (Palam, Delhi) इलाके में हुए भीषण अग्निकांड में एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत के बाद गुरुवार को शोक सभा के दौरान आम आदमी पार्टी और बीजेपी नेताओं के बीच कहासुनी शुरू हो गई और देखते ही देखते नौबत हाथापाई तक पहुंच गई. जिससे मौके पर तनाव फैल गया.
दरअसल, पालाम अग्निकांड में 9 लोगों की मौत के बाद लगातार अलग-अलग पार्टी के नेता पीड़ित परिवार से मुलाकात कर रहे हैं. इसी क्रम में आज आम आदमी पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल शाम पांच बजे पीड़ित परिवार से मुलाकात करने के लिए पहुंचने वाले थे. लेकिन उनके आने से पहले वहां AAP के दिल्ली प्रदेश के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज समेत आम आदमी पार्टी के कई पार्षद-विधायक और नेता मौके पर पहुंच गए.
बताया जा रहा है कि जब आप नेता शोक सभा में बैठे थे, तभी वहां बीजेपी विधायक कुलदीप सोलंकी पहुंच गए. इसी बीच सौरभ भारद्वाज ने भाजपा विधायक को अपने मोबाइल में वह वीडियो दिखाना शुरू किया, जिसमें बचाव कार्य के दौरान हाइड्रोलिक मशीन फेल होती दिख रही थी.
भारद्वाज ने इस विफलता के लिए भाजपा सरकार को जिम्मेदार ठहराना शुरू किया, जिससे तीखी नोकझोंक छिड़ गई. कुछ ही पलों में यह बहस गाली-गलौज और धक्का-मुक्की में बदल गई. वहां मौजूद कार्यकर्ताओं के बीच जबरदस्त हंगामा हुआ, जिससे शोक सभा का गरिमापूर्ण माहौल पूरी तरह भंग हो गया.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved