
मुंबई । महाराष्ट्र सरकार (Maharashtra Government) में मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता नितेश राणे (Nitesh Rane) ने शनिवार को शिवसेना(उबाठा) अध्यक्ष उद्धव ठाकरे (Uddhav Thackeray) और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के प्रमुख राज ठाकरे (Raj Thackeray) की तुलना उन लोगों से की जिन्होंने मराठा राज्य के दूसरे शासक छत्रपति संभाजी को धोखा दिया।
राणे ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, ‘‘छत्रपति संभाजी महाराज के साथ विश्वासघात करने वालों और ठाकरे बंधुओं तथा उनके अनुयायियों में कोई अंतर नहीं है। जिस प्रकार शिर्के बंधुओं ने मुगलों को सूचना दी और संभाजी महाराज को संगमेश्वर में बंदी बनाया गया, उसी प्रकार ठाकरे बंधु हिंदू विभाजन की साजिश रच रहे थे। वे पाकिस्तान में बैठे अपने ‘अब्बा’ के इशारों पर काम कर रहे थे।’’
राणे ने ये टिप्पणियां शिवसेना(उबाठा)के राज्यसभा सदस्य संजय राउत के उस बयान के जवाब में कीं, जिसमें उन्होंने कहा था कि अगर एकनाथ शिंदे ने गद्दारी न की होती और शिवसेना को न तोड़ा होता, तो भाजपा बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) पर नियंत्रण हासिल नहीं कर पाती। राणे ने भाजपा पर मुंबई को उद्योगपति गौतम अदाणी को सौंपने के लगाए गए आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि विपक्ष सक्षम साझेदारों के माध्यम से मुंबई और महाराष्ट्र का विकास नहीं चाहता है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved