मुंबई। हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) के पंचायत चुनावों में मंडी जिले के भांबला जिला परिषद वार्ड का परिणाम राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया है। मंडी से भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत (Kangana Ranaut) के गृह क्षेत्र भांबला में भाजपा को बड़ा झटका लगा है। हालांकि, इस नतीजे से कांग्रेस को भी राहत नहीं मिली, क्योंकि यहां जीत भाजपा की बागी उम्मीदवार के खाते में गई।
भांबला वार्ड से चुनाव मैदान में उतरीं अभिलाषा ठाकुर ने शानदार जीत दर्ज करते हुए भाजपा और कांग्रेस, दोनों दलों के आधिकारिक समर्थित उम्मीदवारों को पीछे छोड़ दिया। इस परिणाम को पंचायत चुनावों के सबसे दिलचस्प नतीजों में गिना जा रहा है।
अभिलाषा ठाकुर की जीत इसलिए भी सुर्खियों में है क्योंकि चुनाव प्रचार के दौरान उन पर कथित जानलेवा हमला हुआ था। जानकारी के अनुसार, मतदान से कुछ दिन पहले खुडला गांव के पास अज्ञात लोगों ने उन पर हमला किया। आरोप है कि उन पर चाकू से हमला करने की कोशिश की गई और पत्थरबाजी भी हुई, जिसमें उनके सिर पर चोट आई और वाहन को नुकसान पहुंचा।
बताया गया कि अभिलाषा ठाकुर चुनाव प्रचार से लौट रही थीं, तभी रास्ते में रुकने के दौरान यह घटना हुई। घायल होने के बाद उन्हें बलद्वाड़ा अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले के बाद पुलिस ने जांच शुरू की थी, जबकि परिवार ने इसे जानलेवा हमला बताया। घटना ने चुनाव से ठीक पहले इलाके का राजनीतिक माहौल भी गर्म कर दिया था।
भांबला वार्ड मंडी संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आता है और इसे कंगना रनौत का गृह क्षेत्र माना जाता है। ऐसे में इस सीट पर सभी राजनीतिक दलों की खास नजर थी। भाजपा के लिए यह मुकाबला प्रतिष्ठा से जुड़ा माना जा रहा था, लेकिन पार्टी की आधिकारिक उम्मीदवार को हार का सामना करना पड़ा। वहीं, कांग्रेस भी इस सीट पर जीत दर्ज करने में सफल नहीं हो सकी, जिससे मुकाबले का पूरा समीकरण एक बागी उम्मीदवार के पक्ष में जाता दिखाई दिया।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved