img-fluid

BLA का बड़ा दावा- 12 दिन में पाकिस्तान में 34 ऑपरेशन किए, 23 सुरक्षाकर्मियों को मार गिराया

October 21, 2026

नई दिल्ली। पाकिस्तान (Pakistan) में बलोच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने सुरक्षा बलों (Security Forces) के खिलाफ हमलों (Attacks) को लेकर बड़ा दावा किया है। संगठन के मुताबिक, उसके लड़ाकों ने 9 से 20 अक्टूबर के बीच पाकिस्तान के अलग-अलग इलाकों में 34 ऑपरेशन किए। इन हमलों में पाकिस्तानी सेना और अन्य सुरक्षा तंत्र से जुड़े 23 लोगों की मौत हुई। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

BLA के अनुसार, मारे गए लोगों में पाकिस्तानी सेना के 14 जवान और मिलिट्री इंटेलिजेंस से जुड़े लोगों के साथ कथित ‘डेथ स्क्वॉड’ के 9 सदस्य शामिल हैं। संगठन ने एक पाकिस्तानी सैनिक को पकड़ने का दावा भी किया है। इसके अलावा, कथित ‘आर्थिक नाकेबंदी’ की रणनीति के तहत प्रमुख राजमार्गों पर नियंत्रण रखने और वाहनों की अचानक जांच करने की बात कही है।

संगठन ने यह भी स्वीकार किया कि पाकिस्तानी सुरक्षा बलों के साथ सीधी मुठभेड़ों में उसके 6 लड़ाके मारे गए। BLA ने अपने दावों के समर्थन में 9 से 20 अक्टूबर तक हुई घटनाओं की तारीखवार जानकारी जारी की है।

9 अक्टूबर: तुर्बत में सेना और कथित डेथ स्क्वॉड पर हमला
BLA के मुताबिक, 9 अक्टूबर को तुर्बत के नसीराबाद इलाके में उसके लड़ाकों ने पाकिस्तानी सेना और कथित डेथ स्क्वॉड के सदस्यों को निशाना बनाया। संगठन ने दावा किया कि इस हमले में डेथ स्क्वॉड का एक सदस्य मौके पर मारा गया।

13 अक्टूबर: IED विस्फोट में सैन्य वाहन को निशाना बनाने का दावा
संगठन के अनुसार, 13 अक्टूबर को हरनाई के शहरग इलाके में साजो के पास इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) के जरिए पाकिस्तानी सेना के एक वाहन पर हमला किया गया। BLA ने दावा किया कि इसमें तीन जवानों की मौत हुई और चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। संगठन के मुताबिक, विस्फोट में सैन्य वाहन पूरी तरह नष्ट हो गया। इसी दिन चगाई जिले के दलबांदिन में क्वेटा-ताफ्तान व्यापार मार्ग पर कारोदाक के पास दो व्यावसायिक वाहनों पर कब्जा करने का भी दावा किया गया। BLA के मुताबिक, इनमें से एक वाहन को आग लगाकर नष्ट कर दिया गया।


  • 14 अक्टूबर: मस्तुंग और खुजदार में हमलों का दावा
    BLA ने दावा किया कि 14 अक्टूबर को मस्तुंग के दश्त बाबा इलाके में पाकिस्तानी सेना पर अचानक हमला किया गया। इसमें दो जवानों की मौत हुई और दो वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। इसी दिन खुजदार में सिम्बा पुल के पास सेना के काफिले और व्यावसायिक वाहनों पर सशस्त्र हमला करने की बात भी कही गई। संगठन ने खारान के खोकाप निवासी बहादुर खान और साबिर को मौत की सजा सुनाने का दावा किया। BLA का आरोप था कि दोनों कथित डेथ स्क्वॉड से जुड़े थे और सैन्य अभियानों में पाकिस्तानी सेना की मदद कर रहे थे।

    15 अक्टूबर: बुलेदा में सैनिक पर हमला, नोशकी में एक व्यक्ति की हत्या का दावा
    संगठन के मुताबिक, 15 अक्टूबर को बुलेदा के जूमदान इलाके में सैन्य काफिलों को सुरक्षा देने के लिए आगे बढ़ रहे पाकिस्तानी सैनिकों पर हमला किया गया। इसमें एक जवान की मौत और दूसरा घायल हो गया। इसी दिन नोशकी बाजार में पुन्हल नाम के व्यक्ति को मारने का दावा भी किया गया। BLA ने आरोप लगाया कि वह दुकानदार की आड़ में पाकिस्तानी सेना के लिए जासूसी करता था और खुफिया जानकारी जुटाता था। इसके अलावा, संगठन ने किला अब्दुल्ला में विस्फोटक सामग्री के इस्तेमाल से पिंकी पोस्ट को पूरी तरह नष्ट करने का दावा किया।

    16 अक्टूबर: केच में हमले में तीन जवानों की मौत का दावा
    BLA के अनुसार, 16 अक्टूबर को केच के दश्त इलाके में चीर कुंचाती के पास पाकिस्तानी सेना के जवानों को निशाना बनाया गया। संगठन ने दावा किया कि इस हमले में तीन जवानों की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हुए। इसी दिन एक स्नाइपर हमले में पाकिस्तानी सेना के एक जवान को मार गिराने का दावा भी किया गया।

    17 अक्टूबर: कारोदाक में तीन व्यावसायिक वाहनों पर कब्जे की बात
    संगठन ने बताया कि 17 अक्टूबर को चगाई जिले के दलबांदिन में क्वेटा-ताफ्तान व्यापार राजमार्ग पर कारोदाक के पास उसके लड़ाकों ने तीन व्यावसायिक वाहनों पर कब्जा किया। इसी दिन खुजदार के बागबाना इलाके में पाकिस्तानी सेना ने गनशिप हेलीकॉप्टरों की मदद से बड़ा अभियान चलाया। BLA का दावा है कि इस कार्रवाई के जवाब में उसके लड़ाकों ने कई स्थानों पर सेना पर हमले किए।

    18 अक्टूबर: CPEC मार्ग पर तीन घंटे तक वाहनों की जांच का दावा
    BLA के मुताबिक, 18 अक्टूबर को खारान के दाली इलाके में पाकिस्तानी सेना पर किए गए हमले में एक जवान की मौत हुई और दूसरा घायल हो गया। संगठन ने खुजदार के कारख इलाके में चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारे (CPEC) के मार्ग पर नियंत्रण करने और करीब तीन घंटे तक वाहनों की जांच करने का भी दावा किया। इस दौरान सेना के लिए रसद ले जा रहे एक वाहन को सामान सहित जब्त करने और पाकिस्तानी सैनिक नादिर अली को पकड़ने की बात कही गई।

    20 अक्टूबर: बम निरोधक टीम और सैन्य काफिले पर हमले का दावा
    BLA के अनुसार, 20 अक्टूबर को सुराब के हालिका इलाके में पाकिस्तानी सेना की बम निरोधक टीम को IED विस्फोट के जरिए निशाना बनाया गया। संगठन ने दावा किया कि इसमें एक जवान की मौत हुई। इसी दिन चगाई के चोकचाह इलाके में सेना के काफिले की एक गाड़ी को विस्फोट से उड़ाने की बात भी कही गई। BLA के मुताबिक, इस घटना में एक जवान मारा गया और कम से कम तीन अन्य घायल हुए।

    Share:

  • परिसीमन बिल पर कांग्रेस की बड़ी तैयारी, आज PM मोदी से मिलेंगे मल्लिकार्जुन खरगे

    Wed Oct 21 , 2026
    नई दिल्ली. कांग्रेस (Congress) ने परिसीमन (Delimitation) के मुद्दे पर पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे (Mallikarjun Kharge) के पत्र का सरकार की ओर से दिए गए जवाब को लेकर सरकार को घेरा है। पार्टी का कहना है कि सरकार ने यदि दोबारा परिसीमन विधेयक पारित कराने का प्रयास किया, तो उसे सदन में फिर हार का […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved