
नई दिल्ली। मध्य पूर्व (Middle East)में बढ़ते सैन्य (military) तनाव के बीच दुबई से सामने आए वीडियो ने पूरी दुनिया का ध्यान खींच लिया है। सोशल मीडिया पर वायरल फुटेज में दुनिया की सबसे ऊंची इमारत बुर्ज खलीफा(Tallest Building Burj Khalifa) के आसपास विस्फोट (explosion) और काला धुआं उठता दिखाई दे रहा है। हालांकि अब तक इस प्रतिष्ठित (iconic) इमारत पर सीधे किसी मिसाइल या ड्रोन के टकराने की पुष्टि नहीं हुई है और न ही किसी बड़े संरचनात्मक नुकसान की आधिकारिक जानकारी सामने आई है। इसके बावजूद सुरक्षा एजेंसियों(security agencies) ने एहतियातन इमारत को खाली करा लिया जिससे शहर में दहशत का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि यह घटनाक्रम ईरान की ओर से की गई जवाबी कार्रवाई का हिस्सा हो सकता है। हाल के दिनों में अमेरिका और इजरायल की ओर से ऑपरेशन एपिक फ्यूरी के तहत ईरान पर हमले किए गए थे जिसके बाद ईरान ने खाड़ी क्षेत्र में अमेरिकी ठिकानों और सहयोगी देशों को निशाना बनाने की चेतावनी दी थी। इसी क्रम में संयुक्त अरब अमीरात के विभिन्न हिस्सों में मिसाइल और ड्रोन गतिविधियों की खबरें सामने आईं।
सूत्रों के अनुसार अबू धाबी में मिसाइल मलबा गिरने से एक नागरिक की मौत हुई जबकि पाम जुमेराह इलाके में एक होटल के पास जोरदार विस्फोट हुआ जिसमें चार लोग घायल हो गए और आग लग गई। दुबई में कई स्थानों पर धमाकों की आवाजें सुनी गईं और आसमान में मिसाइलों जैसी गतिविधियां देखी गईं। यूएई की वायु रक्षा प्रणाली ने कई संभावित खतरों को हवा में ही निष्क्रिय कर दिया लेकिन कुछ मलबा रिहायशी इलाकों के पास गिरने से नुकसान हुआ।
घटना के बाद दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर अस्थायी रूप से उड़ानें रोक दी गईं। शहर के लोगों को घरों में रहने की सलाह दी गई और सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई। वायरल वीडियो में कुछ ड्रोन दो इमारतों के बीच गिरते दिखाई देते हैं जिसके बाद तेज धमाका होता है और धुएं का गुबार उठता है। हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि ये कथित शाहेद ड्रोन थे या किसी अन्य प्रकार की मिसाइल प्रणाली।
दुबई मीडिया ऑफिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपुष्ट वीडियो और अफवाहें साझा न करें और आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा रखें। वहीं ईरानी विदेश मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा है कि वे किसी भी आक्रामक कार्रवाई का निर्णायक जवाब देंगे।
क्षेत्रीय स्तर पर हालात गंभीर बने हुए हैं। कुवैत कतर बहरीन और सऊदी अरब में भी मिसाइलों को रोकने की खबरें आई हैं जिससे यह स्पष्ट है कि तनाव केवल एक देश तक सीमित नहीं है। यूएई ने हमले की निंदा करते हुए जवाब देने का अधिकार सुरक्षित रखने की बात कही है।
फिलहाल बुर्ज खलीफा को कोई बड़ा नुकसान नहीं पहुंचा है लेकिन इसे खाली कराने की नौबत और शहर में गूंजते धमाकों ने वैश्विक व्यापार और पर्यटन केंद्र के रूप में दुबई की छवि पर असर डाला है। विशेषज्ञ मानते हैं कि यदि यह टकराव आगे बढ़ता है तो पूरे खाड़ी क्षेत्र की सुरक्षा और आर्थिक स्थिरता पर गहरा प्रभाव पड़ सकता है। स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है और आने वाले दिन तय करेंगे कि यह संघर्ष सीमित रहता है या व्यापक रूप लेता है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved