
चिरमिरी। छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) के मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) जिले के मनेंद्रगढ़ से बड़े हादसे की खबर सामने आई है। यहां एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। इस भीषण सड़क हादसे में अब तक करीब 6 लोगों की मौत होने की जानकारी सामने आई है, जबकि 30 लोग घायल बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, बस में महिलाएं और मासूम बच्चे भी सवार थे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना के बाद घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
घायल 39 लोगों का इलाज जारी
सड़क हादसे का ये पूरा मामला केल्हारी थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। मनेंद्रगढ़ अस्पताल के अधीक्षक डॉ. स्वप्निल तिवारी ने इस हादसे के बारे में जानकारी देते हुए बताया है कि हादसे में घायल 39 लोगों का इलाज मनेंद्रगढ़ में जारी है। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। वहीं, हादसे में करीब 6 लोगों की मौत होने की जानकारी दी गई है। फिलहाल हादसे के कारणों और दुर्घटना से जुड़ी अन्य जानकारियों की पुष्टि की जानी बाकी है।
पुलिस अधीक्षक ने जारी किया बयान
छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़ में हुए हादसे को लेकर पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह ने भी बयान जारी किया है। उन्होंने भी 6 लोगों की मौत की पुष्टि की है। हादसे की वजह बस का ब्रेक फेल होना बताया जा रहा है। वहीं, मिनी बस में क्षमता से अधिक सवारियां बैठाकर ले जाने के मामले को भी पुलिस अधीक्षक ने स्वीकार किया है। हादसे के बाद घायलों को मनेंद्रगढ़ अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां सभी घायलों का उपचार जारी है। आपको बता दें कि कुछ ही दिनों पहले छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में भी सुबह की सैर पर निकले 3 लोगों को तेज रफ्तार मिनी मालवाहक वाहन ने कुचल दिया था। इस हादसे में बीजेपी विधायक पुन्नूलाल मोहले के चचेरे भाई समेत तीनो लोगों की मौत हो गई थी।
पूर्व विधायक ने की मुआवजे की मांग
मनेंद्रगढ़ में हुए इस बस हादसे को लेकर पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने सरकार से मुआवजे की मांग की है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये और घायलों को 10-10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की मांग की है। फिलहाल इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके में शोक का माहौल पैदा कर दिया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved