
‘और बड्डे का हो रओ… अरे कच्छु नई, तनक गुरंदी से आ रय’।
आप बी खां सोच रय होंगे के ये सूरमा को क्या हो गिया हेगा। एकदम से भोपाली लहजा छोड़ के बुंदेली मिक्स जबलपुरी अंदाज़ में गुफ्तगू क्यो हो रही है। दरअसल आपको एक खुशखबरी देनी है साब। गोया के आपका अपना अग्निबाण एकदम नई स्टाइल में जबलपुर में नुमायां हो रहा है। अग्निबाण का नया और झकास टाइप का दफ्तर अब इस संस्कारधानी के दिल सिविक सेंटर में शिफ्ट हो गया है। जिस तरह भोपाल में सभी अखबारों के दफ्तर प्रेस काम्पलेक्स में हैं, उसी तरह जबलपुर मे भी सारे अखबार सिविक सेंटर से शाया होते हैं। भोत सीनियर सहाफी (पत्रकार) मदन अवस्थी साब अग्निबाण जबलपुर के रेजिड़ेंट एडिटर हो गए हैं। मुक़द्दस दरियाए नर्मदा की जानीमानी हस्ती अभिषेक जैन लालू भाई अखबार का मुकम्मल मैनेजमेंट संभाल रहे हैं। अखबार का फलसफा ये है साब के ईमानदार को छेड़ो मत और बेईमान को छोड़ो मत। दिलो जान के साथ वहां स्टाफ ने काम की इब्तिदा कर दी है। मदन अवस्थी वो सहाफी (पत्रकार) हैं जो जबलपुर के मिजाज़, रिवायतों और किरदार को बखूबी जानते हैं। उनका शहर की नब्ज पे हाथ है। मदन भाई ने 38 बरस सहाफत में गुजार दिए। कई बड़े अखबारों में इंन्ने अपना हुनर दिखाया।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved