
हासन। सोशल मीडिया के समय में शादी के पहले प्री वेडिंग शूट (Pre-wedding shoot ) करवाने का फैशन बना हुआ है। शादी के बंधन में बंधने जा रहे लगभग सभी जोड़े अपनी यादों को सहेज कर रखना चाहते हैं। इसके लिए हर कोई एक बेहतर जगह की तलाश में होता है। ऐसे ही बेहतर और खुशनुमा जगह की तलाश करते हुए कर्नाटक (Karnataka) का एक जोड़ा राज्य के बेत्ताडा भैरवेश्वरा मंदिर (Bettada Bhairaveshwara Temple) पहुंचा। लेकिन उनके साथ आए फोटोग्राफर्स ने कुछ ऐसा कर दिया कि स्थानीय लोग भड़क गए और उनके साथ मारपीट कर दी।
एक रिपोर्ट के मुताबिक, राज्य के हासन जिले के सकलेशपुर में स्थित यह मंदिर अपनी हरियाली और प्राकृतिक दृश्यों के लिए मशहूर है। अक्सर लोग यहां पर प्री वेडिंग शूट के लिए आते रहते हैं। ऐसे ही शूट के लिए यह कपल भी वहां पर पहुंचा, लेकिन साथ आए फोटोग्राफर्स ने मंदिर परिसर के अंदर जाने के पहले अपने जूते नहीं उतारे। इसकी वजह से स्थानीय लोगों ने इस पर आपत्ति जताई। कुछ देर हुई कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया और लोगों ने फोटोग्राफर्स की पिटाई कर दी।
मामला इतना बढ़ गया कि इस घटना में एक कैमरा भी क्षतिग्रस्त हो गया। इसी दौरान किसी ने शकलेशपुर थाने में फोन किया। इसके बाद पुलिस वहां पहुंची और हालात को काबू में किया। घायल फोटोग्राफरों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में ले जाया गया है। फोटोग्राफर की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए मुडीगेरे के सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल सातों आरोपी हिरासत में हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved