
इंदौर। कई दिनों बाद नगर निगम की रिमूवल टीम ने फिर राजबाड़ा और उसके आसपास के क्षेत्रों में मुहिम चलाई और तीन ट्रक सामान जब्त कर लिया। सामान छुड़ाने के लिए दुकानदार और फुटपाथ पर दुकान लगाने वाले निगमकर्मियों से हुज्जत करते नजर आए। कई बार वहां भगदड़ की स्थिति भी बनी। राजबाड़ा क्षेत्र में मुहिम बंद होने के चलते फिर से फुटपाथ और सडक़ों के आसपास बड़े पैमाने पर कब्जे होने लगे थे, जिसके कारण यातायात व्यवस्था का कबाड़ा हो रहा था। कल नगर निगम के अपर आयुक्त अभिलाष मिश्रा के निर्देश पर रिमूवल टीमों ने शाम को अभियान चलाया।
सबसे पहले यशवंत रोड से राजबाड़ा जाने वाली सडक़ के दोनों छोर पर लगी दुकानें और सडक़ पर किए गए कब्जे हटाए। इस दौरान कब्जे हटाने को लेकर खासा विवाद हुआ। निगम अधिकारियों के मुताबिक इसके बाद राजबाड़ा, शिव विलास पैलेस, गोपाल मंदिर, इमामबाड़ा और उसके आसपास के कई क्षेत्रों में कार्रवाई कर सडक़ पर लगने वाली दुकानों को हटाया। 20 से ज्यादा ठेले भी जब्त किए गए। अधिकारियों के मुताबिक तीन ट्रक सामान जब्त कर लिया गया और उसे छुड़ाने के लिए लोग निगम के वाहनों पर चढ़ गए, जिन्हें पुलिस बल की मदद से हटाया गया। अफसरों का कहना है कि राजबाड़ा और उसके आसपास के क्षेत्रों में लगातार मुहिम चलाई जाएगी और सडक़ों पर किए जाने वाले कब्जे हटाए जाएंगे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved