
टोरंटो. कनाडा (Canada) के ब्रिटिश कोलंबिया (British Columbia) प्रांत से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां एक स्कूल (School) में हुई गोलीबारी (shooting) में हमलावर समेत 8 लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हुए हैं। यह जानकारी मंगलवार को कनाडाई पुलिस ने दी। रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस (RCMP) के अनुसार, संदिग्ध हमलावर मृत पाया गया है। पुलिस का मानना है कि उसने खुद को गोली मारी। हालांकि, अधिकारी यह भी जांच कर रहे हैं कि क्या इस घटना में कोई दूसरा संदिग्ध भी शामिल था।
बता दें कि गोलीबारी टम्बलर रिज नामक छोटे शहर में हुई, जिसकी आबादी लगभग 2,400 लोग है। पुलिस ने लोगों से घर के अंदर रहने और सुरक्षित रहने की अपील की है। आसपास के क्षेत्रों से अतिरिक्त पुलिस बल भी भेजे गए हैं।
स्कूलों में बढ़ाई गई सुरक्षा व्यवस्था
पीस रिवर साउथ स्कूल डिस्ट्रिक्ट ने बताया कि टम्बलर रिज सेकेंडरी स्कूल और टम्बलर रिज एलीमेंट्री स्कूल को पूरी तरह बंद कर दिया गया है। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ाई गई है। बता दें कि टम्बलर रिज सेकेंडरी स्कूल में कक्षा 7 से 12 तक लगभग 175 छात्र पढ़ते हैं।
भारी सुरक्षा और मेडिकल सहायता
पीस रिवर साउथ के विधायक लैरी न्यूफेल्ड ने कहा कि इस घटना के बाद पुलिस और एंबुलेंस जैसी अतिरिक्त टीमें भेजी गई हैं। उन्होंने सुरक्षा कारणों से ज्यादा जानकारी साझा करने से इनकार किया। उन्होंने समुदाय के लोगों से अपील की है कि जो लोग अपने परिजनों को ढूंढ रहे हैं, कृपया घर लौट जाएं और पुलिस को काम करने दें। कैनेडियन माउंटेड पुलिस इस खूबसूरत शहर को फिर से सुरक्षित बनाएगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved