
इंदौर। तेज रफ्तार कार ने एक्टिवा सवार युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हुआ है। तुकोगंज पुलिस ने बताया कि एमजी रोड पर एक कार वाले ने पीछे से एक्टिवा सवारों को टक्कर मार दी।
कार इतनी रफ्तार में थी कि टक्कर लगने के बाद एक्टिवा सवार दोनों युवक करीब 30 फीट दूर जा गिरे।
इस हादसे में एक्टिवा पर सवार खजराना के 23 साल के अनस पिता करामत अब्बासी की मौत हो गई, वहीं उसके साथ एक्टिवा पर सवार 32 साल के जुबेर पिता शहीद के दोनों पैरों में फ्रैक्चर आया है, जिसके चलते उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उधर, घटना की जानकारी लगते ही तुकोगंज पुलिस मौके पर पहुंची और कार चालक को गिरफ्तार कर कार को जब्त कर लिया। इस हादसे में जिस अनस की मौत हुई वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसके पिता की दो साल पहले बीमारी से मौत हो चुकी है। अनस फोटोग्राफी करता था। उधर, घायल जुबेर के बारे में जानकारी लगी है कि वह कार डेकोर का काम करता था। उसकी 20 दिन बाद शादी होने वाली है।
आइसक्रीम पार्लर संचालक की जान ली
उधर, 46 साल के अब्दुल अतीक पिता अब्दुल हाफिज निवासी जूना रिसाला की हादसे में मौत हो गई। अतीक आइसक्रीम पार्लर का संचालन करने के साथ-साथ जगह-जगह आइसक्रीम की डिलीवरी देने के लिए जाता था। कल वह बांगड़दा इलाके से बाइक से आर्डर के लिए जा रहा था, तब उसकी बाइक को एक अन्य बाइक वाले ने टक्कर मार दी, जिससे वह जमीन पर गिर गया और सामने से आ रही दूसरी बाइक वाले ने उस पर गाड़ी चढ़ा दी, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। राहगीरों ने उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी जान नहीं बच पाई। अतीक के दो बच्चे हैं। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।

©2026 Agnibaan , All Rights Reserved