
भोपाल। आज देश में जो भी योजनाएं बन रही हैं उनमें सबका साथ-सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास समाहित होता है। समाज के हर तबके तक हमारी योजनाएं पहुंच रही हैं। यह योजनाएं और प्रभावी तरीके से अंतिम छोर के व्यक्ति तक पहुंचे इस बात की जिम्मेदारी प्रत्येक कार्यकर्ता की है। हमारा एकमात्र लक्ष्य जनसेवा है। यह बात धार के माण्डव में चल रहे प्रशिक्षण वर्ग में अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने अलग-अलग सत्रों को संबोधित करते हुए कही।
आर्य ने कहा कि देश और प्रदेश में कांग्रेस सबसे अधिक समय तक सत्ता में रही लेकिन उसने हमेशा अनुसूचित वर्ग को सिर्फ वोट बैंक माना। प्रदेश में प्रथम मुख्यमंत्री स्व. रविशंकर शुक्ल से लेकर दिग्विजय सिंह तक कांग्रेस के मुख्यमंत्री रहे लेकिन किसी ने भी बाबा साहब के जन्म स्थान महू में स्मारक बनाने का काम नहीं किया। ठीक इसी तरह देश में भी कांग्रेस की सरकारों ने अंबेडकर जी का अपमान किया। अंबेडकर जी के जीवन से जुड़े स्थलों को तीर्थ के रूप में विकसित करने का काम यदि किसी सरकार ने किया है तो वह भारतीय जनता पार्टी की सरकार है। महू में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बाबा साहब के जन्म स्थान पर भव्य स्मारक बनाया।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved