
नई दिल्ली । कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Congress leader Rahul Gandhi) ने कहा कि केंद्र की ‘ग्रेट निकोबार द्वीप विकास’ परियोजना (Centre’s ‘Great Nicobar Island Development’ Project) महज छलावा है (Is mere Sham) ।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को ग्रेट निकोबार द्वीप के दौरे का वीडियो शेयर किया और केंद्र सरकार पर निशाना साधा । उन्होंने केंद्र की ‘ग्रेट निकोबार द्वीप विकास’ परियोजना पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह विकास नहीं, बल्कि विकास की भाषा में छिपा हुआ विनाश है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी वीडियो में ग्रेट निकोबार द्वीप के जंगल में घूमते हुए नजर आए।
उन्होंने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “आज मैंने ग्रेट निकोबार की यात्रा की। ये मेरी जिंदगी के सबसे अनोखे जंगल हैं। ऐसे पेड़ जो हमारी यादों से भी पुराने हैं। ऐसे जंगल जिन्हें उगने में कई पीढ़ियां लग गईं। इस द्वीप के लोग भी उतने ही खूबसूरत हैं, चाहे वे आदिवासी समुदाय हों या वहां बसने वाले लोग, लेकिन उनसे वह सब छीना जा रहा है जिस पर उनका हक है।”
उन्होंने पोस्ट में लिखा, “सरकार यहां जो कर रही है, उसे वह ‘प्रोजेक्ट’ कहती है, लेकिन मैंने जो देखा, वह कोई प्रोजेक्ट नहीं है। यह लाखों पेड़ों पर कुल्हाड़ी चलाने की तैयारी है। यह 160 वर्ग किलोमीटर का वर्षावन है जिसे खत्म होने के लिए छोड़ दिया गया है। ये ऐसे समुदाय हैं जिनकी अनदेखी की गई, जबकि उनके घर उनसे छीन लिए गए। यह विकास नहीं है। यह तो विकास की भाषा में छिपा हुआ विनाश है।”
राहुल गांधी ने पोस्ट में यह भी कहा कि ग्रेट निकोबार में जो कुछ हो रहा है, वह सबसे बड़ा घोटाला और इस देश की प्राकृतिक व आदिवासी विरासत के खिलाफ सबसे गंभीर अपराधों में से एक है। उन्होंने कहा, “इसे रोका जाना चाहिए। और इसे रोका जा सकता है, अगर भारतीय भी वही देखें जो मैंने देखा है।” राहुल गांधी ने ग्रेट निकोबार द्वीप के कैंपबेल बे में स्थित श्री सिंह सभा गुरुद्वारे का भी दौरा किया। यहां उन्होंने मत्था टेका और अरदास की। इसके अलावा, राहुल गांधी ने गुरुद्वारा परिसर में कई लोगों से मुलाकात भी की।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved