
- महाकाल दर्शन के बाद मंगलनाथ मार्ग पर सुनाई रामकथा- शाम को नागपुर रवाना होंगे
उज्जैन। प्रसिद्ध रामकथा वाचक मोरारी बापू मंगलवार सुबह करीब 900 भक्तों के साथ विशेष ट्रेन से उज्जैन पहुंचे। इस दौरान उन्होंने महाकाल सहित विभिन्न मंदिरों में दर्शन किए और फिर कथा स्थल पर पहुंचे। आज सुबह विशेष ट्रेन से उज्जैन रेलवे स्टेशन पहुंचे मोरारी बापू यहां से सीधे भगवान महाकालेश्वर के दर्शन करने पहुंचे बापू ने गर्भगृह में ज्योतिर्लिंग का पूजन किया।
इसके बाद उन्होंने शिप्रा नदी के दर्शन किए और सांदीपनि आश्रम पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन किए। मंदिर में महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से सहायक प्रशासक ने उनका स्वागत किया। बापू के आगमन को लेकर उनके अनुयायियों में खास उत्साह रहा। संत कृपा सनातन संस्थान, नाथद्वारा राजस्थान की ओर से आयोजित मानस भारत स्वस्तिक यात्रा के तहत मंगलनाथ रोड स्थित खाक चौक चौराहे पर तिरुपति गार्डन के सामने बनाए गए पांडाल में सुबह 10 बजे से रामकथा शुरू हुई। दोपहर 1.30 बजे तक चली कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। धार्मिक यात्रा के तहत उज्जैन पहुंचे मोरारी बापू कथा के बाद आज शाम अपनी विशेष ट्रेन से महाराष्ट्र के नागपुर के लिए रवाना होंगे। महाकाल दर्शन, शिप्रा पूजन और श्रीकृष्ण के दर्शन के साथ उनकी उज्जैन यात्रा धार्मिक आस्था का विशेष अवसर बनी।