
नागदा। जिंदा किसान को मृत बताकर तहसील कार्यालय में अपने पक्ष में फौती नामांतरण करा लिया गया। मंडी पुलिस ने जांच के बाद 4 लोगों पर धोखाधड़ी की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया। जिसमें से पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस एक अन्य आरोपी की तलाश कर रही है।
मंडी पुलिस के मुताबिक 31 मई 2026 को तहसीलदार कार्यालय से आवेदन मिला था जिसमें बताया था कि गांव बनबना निवासी किसान पीरुलाल पिता माधुजी की जमीन सर्वे क्रमांक 12, 28, 31 कुल रकबा 7 बीघा 4 बीसवा जमीन का फौती नामांतरण कराने के लिए किल्कीपूरा निवासी शांतिबाई पति स्व. रामचंद्र, दीपक पिता स्व. रामचंद्र, मुरलीधर पिता स्व. रामचंद्र ने आवेदन किया था जिसमें किसान पीरुलाल पिता माधुजी का मृत्यु प्रमाण-पत्र भी लगाया गया था। इसी आधार पर फौती नामांतरण भी हो गया था। मामले में किसान पीरुलाल ने तहसील कार्यालय पहुंचकर शिकायत की थी। जिस पर पता चला कि मृत्यु प्रमाण-पत्र फर्जी लगाया गया है। जिसे लेकर तहसीलदार ने मामले में जांच कर प्रकरण दर्ज करने मंडी पुलिस को पत्र लिखा था। जाँच में पुलिस के अनुसार 2 करोड़ से अधिक की जमीन के लिए फर्जी मृत्यु प्रमाण-पत्र बनाने की बात सामने आई। मामले में आरोपी दीपक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उसने बताया कि कूटरचित मृत्यु प्रमाण-पत्र जमनालाल मालवीय के सहयोग से बनाया था। मंडी पुलिस ने दीपक, जमनालाल के साथ शांतिबाई को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved