
इंदौर। मौसम में बार-बार बदलाव अब आमजन की आदत में आ चुका है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान भी बदल रहा है। दक्षिण भारत के राज्यों में निवार तूफान ने मालवा के मौसम का मिजाज भी बदल दिया है। गुरुवार सुबह आसमान में बादल छा गए हैं।
नवंबर का महीना खत्म होने वाला है। रबी सीजन की बोवनी किसान पूरी कर चुके हैं। खेतों में पानी भी चल रहा है और किसानों को फसलों में चमक के लिए ठंड का इंतजार है, लेकिन मौसम है कि इस बार बार-बार बदल रहा है। गुरुवार सुबह आसमान में बादल आने से किसानों को मावठे की उम्मीद जागी है। हालांकि जानकारों का कहना है कि इस समय बारिश के आसार तो नहीं हैं, पर कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी से इनकार नहीं किया जा सकता। तमिलनाडु सहित दक्षिणी राज्यों में निवार तूफान ने जो असर दिखाया है उसका असर देश के कई राज्यों में आ रहा है। मध्यप्रदेश सहित मालवा में मौसम में बदलाव हुआ है। चार-पांच दिनों से तापमान उछाल आया है। इंदौर शहर की बात करें तो फिलहाल न्यूनतम तापमान 15 डिग्री और अधिकतम तापमान 29 डिग्री चल रहा है। 4 दिन पहले यह न्यूनतम 12 और अधिकतम 25 डिग्री करीब था।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved