खेल

चेन्नई के कप्तान जडेजा ने की धोनी की तारीफ, कहा- यह अच्छा है माही भाई में अभी रनों की भूख बाकी


नई दिल्ली। महेंद्र सिंह धोनी अब भी रन बनाने के लिए भूखे हैं और चेन्नई सुपर किंग्स की आईपीएल में उम्मीदें बरकरार हैं। कप्तान रविंद्र जडेजा के लिए ये दोनों चीजें ही मायने रखती हैं। चेन्नई ने अब तक सात मैचों में से केवल दो में जीत दर्ज की। इनमें मुंबई इंडियंस के खिलाफ बृहस्पतिवार की रात तीन विकेट से जीत भी शामिल है। इस जीत के नायक धोनी रहे जिन्होंने आखिरी गेंद पर विजयी चौका लगाया। अंतिम ओवर की चार गेंदों पर उन्होंने 16 रन बटोरे। धोनी की 13 गेंदों पर नाबाद 28 रन की पारी से चेन्नई ने अपने चिर प्रतिद्वंद्वी पर यादगार जीत दर्ज की।

जडेजा ने कहा, ‘यह बहुत अच्छा है कि माही भाई अब भी (रन और जीत के लिए) भूखे हैं। उनकी लय अब भी बनी हुई है। इसे देखकर हम शांतचित रहते हैं क्योंकि हम जानते हैं कि यदि वह आखिरी ओवर तक क्रीज पर हैं तो वह हमारे लिए मैच जीतेंगे।’ उन्होंने कहा, ‘हम तनाव में थे लेकिन हमें विश्वास था कि वह (धोनी) क्रीज पर मौजूद हैं और वह मैच का सफल अंत करेंगे। उन्होंने भारत के लिए और आईपीएल में कई मैच जिताए हैं और हम जानते थे कि वह मैच का सफल अंत करेंगे।’


धोनी ने अपने पुराने दिनों की तरह ‘फिनिशर’ की भूमिका अच्छी तरह से निभाई। चेन्नई को आखिरी ओवर में 17 रन की जरूरत थी। धोनी ने ऐसे में जयदेव उनादकट की तीसरी गेंद पर छक्का और चौथी गेंद पर चौका लगाया। वह शांतचित बने रहे और आखिरी गेंद पर उन्होंने शॉर्ट फाइन लेग पर विजयी चौका लगाया। जडेजा ने कहा, ‘देखिये जिस तरह से मैच आगे बढ़ रहा था हम दबाव में थे। दोनों टीम पर दबाव था क्योंकि दुनिया का सर्वश्रेष्ठ फिनिशर क्रीज पर था। लेकिन हम जानते थे कि यदि वह (धोनी) आखिरी गेंद तक टिके रहते हैं तो हम मैच जीत जाएंगे। हमें विश्वास था कि वह आखिरी दो तीन गेंदों पर नहीं चूकेंगे और सौभाग्य से ऐसा हुआ।’

मुकेश में नई गेंद से स्विंग कराने की कला : जडेजा ने तेज गेंदबाज मुकेश चौधरी की भी प्रशंसा की जिन्होंने मुंबई के शीर्ष क्रम को लड़खड़ाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने कहा, ‘जब वह (चौधरी) हमारे साथ नेट गेंदबाज थे तब हमने देखा कि वह अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं और गेंद को स्विंग करा रहे हैं। नई गेंद को स्विंग कराने का उनका कौशल अच्छा है और इसलिए हमने उसको टीम में बनाये रखा। हमें उन पर विश्वास था कि वह विकेट लेंगे। उन्होंने अच्छी गेंदबाजी की और विकेट लिए।’

Share:

Next Post

इंदौर में होगा पूर्व कलेक्टरों का जमावड़ा

Sat Apr 23 , 2022
दिल्ली से पुरस्कार लेकर लौटे कलेक्टर मनीष सिंह ने दी जानकारी, 40 लाख जिले के लोग अब पूरी तरह से जुड़ गए स्वच्छता अभियान से इंदौर। सिविल सर्विस डे (civil service day) पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) ने 2021-22 के कलेक्टरों को प्रधानमंत्री उत्कृष्टता पुरस्कार दिया। वहीं उन्होंने यह भी कहा कि […]