ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर की रहने वाली 22 वर्षीय क्रिकेटर अनुष्का शर्मा (Anushka Sharma) ने अपने करियर में एक बड़ा मौका हासिल किया है। उनका चयन दक्षिण अफ्रीका (South Africa) के खिलाफ होने वाली पांच मैचों की आगामी टी-20 सीरीज के लिए भारतीय महिला क्रिकेट टीम में हुआ है। उनके चयन ने ना केवल उनके परिवार, बल्कि शहर और प्रदेश के खेलप्रेमियों के बीच भी खुशी का माहौल है। इसी बीच प्रदेश के मुखिया मोहन यादव भी अनुष्का की इस खुशी में शामिल हुए और उन्होंने अपनी ग्वालियर यात्रा के दौरान अनुष्का से मिलकर उन्हें इस उपलब्धि के लिए बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कलेक्टर बोलीं- दूसरों के लिए प्रेरणा बनेगी अनुष्का
ग्वालियर की जिला कलेक्टर रुचिका चौहान ने भी अंतर्राष्ट्रीय सीरीज के लिए टीम में अनुष्का का चयन होने पर उन्हें बधाई दी और इसे पूरे शहर के लिए बहुत ही गर्व का मौका बताया। उन्होंने कहा कि ग्वालियर की बेटी का राष्ट्रीय टीम में चुना जाना अन्य खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेगा।
कलेक्टर ने कहा, ‘ग्वालियर की बेटी अनुष्का शर्मा को भारतीय महिला क्रिकेट टीम में चुना गया है। हमें आज सुबह यह खुशखबरी मिली और अब वह साउथ अफ्रीका में होने वाली आगामी सीरीज में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। मेरा मानना है कि किसी भी खिलाड़ी के लिए देश के लिए खेलने से बड़ा कोई सम्मान नहीं होता। हम उनकी इस उपलब्धि से बेहद खुश हैं और खिलाड़ी के साथ-साथ उनके परिवार को भी बधाई देते हैं।’
ग्वालियर दौरे पर पहुंचे सीएम से मिलवाया
आगे उन्होंने कहा, ‘मुख्यमंत्री मोहन यादव भी यहां के दौरे पर थे और जब हमने उनके संज्ञान में यह बात लाई, तो उन्होंने अनुष्का से मिलने और आने वाली सीरीज में अच्छा प्रदर्शन करने के लिए उन्हें आशीर्वाद देने की इच्छा जताई। जिसके बाद उन्होंने अनुष्का से मिलकर उसे अपनी ओर से बधाई व आशीर्वाद दिया।’
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved