भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

उत्तराखंड हादसे के बाद मुख्यमंत्री रातभर सक्रिय रहे

  • एक मंत्री और अफसरों की टीम लेकर आधी रात को ही पहुंचे देहरादून
  • रात में ही अस्पताल पहुंचकर घायलों से मिले, कंट्रोल रूम पहुंचे

देहरादून/भोपाल। उत्तराखंड के उत्तरकाशी में रविवार शाम बस खाई में गिरने से मप्र के पन्ना जिले के तीर्थयात्रियों की मौत की खबर मिलते ही मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सारे कार्यक्रम छोड़कर रात को ही उत्तराखंड रवाना हो गए। मंत्री वृजेन्द्र प्रताप सिंह, डीजीपी सुधीर सक्सेना, अपर मुख्य सचिव गृह राजेश राजौरा एवं अन्य अफसरों को साथ लेकर वे देहरादून पहुंचे। मुख्यमंत्री ने देहरादून में रात में ही पुलिस कंट्रोल रूप में बैठक कर रेस्क्यू की जानकारी ली। उत्तराखंड सरकार के अफसरों के साथ बैठक की। इसके बाद रात करीब 2 बजे घायलों से मिलने के लिए अस्पताल पहुंच गए। मुख्यमंत्री सुबह चार बजे तक मृतकों की शव निकालने एवं घायलों के उपचार की निगरानी करते रहे। साथ ही अपर मुख्य सचिव गृह राजौरा राजेरा रेस्क्यू में जुटी टीम से लगातार संपर्क में रहे। हादसे में पन्ना के 26 यात्रियों की मौत हो गई। जबकि 4 गंभीर घायल हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि वे चार घायलों से मिले। उदय सिंह, उनकी पत्नी अक्खी राजा, राजकुमारी और ड्राइवर हीरा सिंह। हीरा ने बताया- स्टेयरिंग फेल हो गया था। उन्होंने पहाड़ की तरफ गाड़ी घुमाने की कोशिश की, लेकिन गाड़ी पेड़ से टकराकर खाई में जा गिरी। उदय सिंह बोले- धड़ाक से आवाज आई और न जाने कितनी पलटियां खाकर बस खाई में जा गिरी। जब होश आया तो पुलिसवालों ने मुझे उठाया था। उनकी पत्नी अक्खी बाई मुझसे अपने बेटे का पूछ रही थीं। वो बोलीं, वहां कई लोगों की लाश पड़ी है।


  • ये हैं यात्रियों के नाम: राजकुमार (38), राजकुंवर (58, महिला), मेनका प्रसाद (56), सरोज (54, महिला), बद्रीप्रसाद (63), करन सिंह (62), उदय सिंह (63), हक्की राजा (60), चंद्रकली (61, महिला), मोतीलाल (62), बलदेव (77, महिला), कुसुम बाई (77, महिला), अनिल कुमारी (50, महिला), कारसन बिहारी (69), प्रभा (63, महिला), शकुंतला (60, महिला), पार्वती (62, महिला), शीला बाई (61, महिला), विश्वकांत (39), चंद्रकला (57, महिला), कंछेदीलाल (62), राजाभाई (59), धनीराम (72), कामबाई (57, महिला), वृंदावन (61), कमला (59, महिला), रामसखी (63, महिला), गीताबाई (55, महिला)।
  • सुबह: 8:58 बजे: ‘उत्तराखंड के मा.मुख्यमंत्री श्री पुष्कम सिंह धामी जी घटना के बाद से ही लगातार संपर्क में हैं। मैं भी रात को 12 बजे देहरादून पहुंच गया था। रात को ही सभी भाई-बहनों के पार्थिव देह को खाई से निकाल लिया गया था और पोस्टमार्टम संपन्न हो गया था। अब सभी पार्थिव देह देहरादून लाए जा रहे हैं।
  • सुबह 9:12 बजे : ‘सभी पार्थिव देह सुबह 10 बजे तक देहरादून पहुंच जायेंगे। मा. मुख्यमंत्री पुष्कम सिंह धामी जी ने ज्यादा टीम लगाकर जल्दी एंबालमिंग के निर्देश दिए हैं। माननीय रक्षा मंत्री राजनाथ जी ने एयरफोर्स के विमान की व्यवस्था की है। उसके बाद हम सभी पार्थिव देह खजुराहो रवाना करेंगे।
  • सुबह 9:16 बजे : ‘खजुराहो में हमारी गाडिय़ां पहले से मौजूद रहेंगी, जो तीर्थयात्रियों के पार्थिव देह को तुरंत उनके गांव ले जाएंगी। हमारी कोशिश है कि हम पूरे सम्मान के साथ मध्य प्रदेश उनको पहुंचा पाएं और आज ही उनका अंतिम संस्कार हो जाए।
  • सुबह 8:49 बजे : ‘उत्तराखण्ड में हुई दुखद बस दुर्घटना के तत्काल बाद माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह और उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जी के सतत सहयोग के लिए हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।
  • सुबह 8:42 बजे: ‘माननीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह से आज प्रात: फोन पर उत्तराखण्ड में बस हादसे में पन्ना के दिवंगत भाई-बहनों के पार्थिव देह को एयरफोर्स के विमान से ससम्मान मध्यप्रदेश पहुंचाने के लिए आग्रह किया। उन्होंने मेरा अनुरोध स्वीकार किया।मैं उनके प्रति हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।
  • सुबह 8:42 बजे : ‘उत्तराखण्ड में दुखद बस दुर्घटना में नहीं रहे पन्ना के हमारे भाई-बहनों के शवों का रात में ही पोस्टपार्टम कर दिया गया था। आज अपराह्न 2 बजे तक उनके पार्थिव देह को प्रदेश में एयरफोर्स के विमानों के माध्यम से रवाना कर दिया जायेगा। मैं और पूरी टीम सतत संपर्क में है।
  • रात: 3:30 बजे : ‘देहरादून पहुंचकर पुलिस कंट्रोल रूम में उत्तराखंड सरकार के अधिकारियों के साथ बैठक राहत एवं बचाव कार्यों के संबंध में वीसी के माध्यम से विस्तृत जानकारी ली और आवश्यक दिशा निर्देश दिया।
  • रात: 3:20 बजे : ‘उत्तराखंड में हुई दुखद दुर्घटना के सभी घायलों के इलाज की समुचित व्यवस्था कर दी गई है। सभी शव निकाले जा चुके हैं,दो की तलाश जारी है। हम परिवारजनों के साथ सतत संपर्क में हैं। उनकी इच्छानुसार शवों को ससम्मान वाया रोड और जरूरत हुई तो हवाई मार्ग से ले जाने की व्यवस्था की जा रही है।
  • रात: 3:15 बजे: ‘मैं उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुषकर सिंह धामी जी और प्रशासन की टीम का त्वरित कार्रवाई के लिए हृदय से धन्यवाद देता हूं। उत्तराखंड की टीम अभी रात में भी यहां हैं। पन्ना के भाई बहनों से कहना चाहता हूं कि दूसरी बस के लोग सुरक्षित हैं, उन्हें लेकर प्रात: देहरादून रवाना होंगे।
  • रात: 2:20 बजे: ‘बस हादसे में घायल मध्यप्रदेश के पन्ना जिले के श्रद्धालुओं को देखने देर रात देहरादून के मैक्स हॉस्पिटल पहुंचा। घायलों के इलाज में कोई कसर नहीं रहने दी जाएगी। इलाज के संदर्भ में डॉक्टर्स से भी चर्चा की। साथ में मंत्री श्री वृजेन्द्र प्रताप सिंह उपस्थित थे।
  • रात: 2:15 बजे: ‘घायलों के इलाज की उत्तम व्यवस्था की जाएगी। इलाज में कोई कसर नहीं रहने देंगे। हमारा पूरा प्रयास है कि बेहतरीन इलाज के साथ सभी घायल शीघ्र स्वस्थ हो सकें। ईश्वर से प्रार्थना है कि सभी घायल श्रद्धालुओं को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।
  • रात: 1:55 बजे: ‘तीर्थ यात्री बस हादसे के बाद मध्यप्रदेश के श्रद्धालुओं के राहत-बचाव कार्य में तत्परता और सेवा भाव के लिए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कम सिंह धामी जी, उनकी प्रशासनिक टीम, एनडीआरफ, एसडीआरएफ के दलों के प्रति मैं ही नहीं बल्कि पूरा मध्यप्रदेश हृदय से आभारी है।
  • रात: 1:12 बजे: ‘देहरादून पहुंचकर पुलिस कंट्रोल रूम में उत्तराखंड सरकार के अधिकारियों के साथ बैठक की और उत्तरकाशी में मध्यप्रदेश के तीर्थयात्रियों से भरी बस की दुर्घटना से सम्बंधित चलाए जा रहे राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली।
  • रात: 1:05 बजे: ‘मैं देहरादून पहुंच गया हूं और चारधाम की तीर्थयात्रा पर यमुनोत्री धाम जा रही बस दुघर्टना के लिए चलाए जा रहे बचाव अभियान की जानकारी लेने हेतु सीधे पुलिस कंट्रोल रूम जा रहा हूं। उसके बाद घायलों की कुशल क्षेम पूछने के लिए मैं मैक्स हॉस्पिटल जाऊंगा।
  • रविवार रात: 10:40 बजे: ‘उत्तराखंड में जब इतना बड़ा हादसा हुआ है, तो मुझे नींद आ ही नहीं सकती। मैं तुरंत देहरादून के लिए रवाना हो रहा हूं। मेरे साथ मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह, डीजीपी, गृह सचिव सहित वरिष्ठ अधिकारियों का दल भी जा रहा है। जिन्होंने अपने परिजनों को खोया है, हमारी संवेदनाएं उनके साथ हैं।
  • रविवार रात: 10:35 बजे: ‘उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री धामी जी के निर्देश पर कलेक्टर, एसपी सहित एसडीआरएफ भी मौके पर पहुंच कर राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए हैं। घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मध्यप्रदेश के मुख्य सचिव लगातार उत्तराखंड के मुख्य सचिव के संपर्क में हैं।
  • रविवार रात: 10:25 बजे: ‘हमारी एक टीम दिल्ली से उत्तराखंड के लिए रवाना हुई है, जो राहत, बचाव, इलाज के अलावा मृतक श्रद्धालुओं के शव परिजनों तक पहुंचाने की व्यवस्था करेगी। मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख व गंभीर रूप से घायलों को 50-50 हजार रुपए सहायता राहत राशि दी जाएगी। घायलों का उपचार हमारी प्राथमिकता है।
  • रविवार रात: 9:35 बजे: ‘मैंने उत्तराखंड के सीएम श्री पुष्कर सिंह धामी जी से फोन पर चर्चा कर घायलों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने और उनके समुचित इलाज की व्यवस्था के लिए आग्रह किया है। मैंने पूरी घटना के रेस्क्यू के संबंध में जानकारी ली और सतत संपर्क में हूं। मैं मुख्यमंत्री धामी जी से निरंतर चर्चा में हूं।
  • रविवार रात: 9:30 बजे: ‘प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी द्वारा मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए सहायता राशि प्रदान करने के संवेदनशील निर्णय के लिए आभार व्यक्त करता हूं। दु:ख की इस घड़ी में हम सब शोकाकुल परिवारों के साथ खड़े हैं। ईश्वर आपको संबल प्रदान करें।
  • रविवार रात: 9:27 बजे: ‘मैं और मेरी टीम उत्तराखंड सरकार एवं स्थानीय जिला प्रशासन के सतत संपर्क में है। घायलों के इलाज और मृतकों के शव को मध्यप्रदेश लाने की व्यवस्था की जा रही है। दु:ख की इस घड़ी में परिवार स्वयं को अकेला ना समझे, हम सब शोकाकुल परिवारों के साथ हैं।
  • रविवार रात: 9:15 बजे: ‘उत्तराखंड में चारधाम की तीर्थयात्रा पर यमुनोत्री धाम जा रही बस के खाई में गिरने से मध्यप्रदेश के पन्ना जिले के तीर्थयात्रियों की मृत्यु बेहद दुखद, पीड़ाजनक है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिजनों को गहन दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
    ।।ओम शांति।।
Share:

Next Post

कांग्रेस में महापौर के लिए High Voltage Drama

Mon Jun 6 , 2022
शोभा सिकरवार पर सहमति बनते ही बिफरे जिलाध्यक्ष, गुस्से में बोले-थोपा प्रत्याशी नहीं चलेगा भोपाल। ग्वालियर में चुनावी बुखार सिर चढ़कर बोल रहा है। यही कारण है कि कांग्रेस में महापौर पद के लिए कांग्रेस विधायक की पत्नी शोभा सिकरवार के नाम पर सहमति बनते ही कांग्रेस जिलाध्यक्ष नाराज हो गए। वह गुस्से में तनतनाते […]