
- राज्यपाल पटेल ने आरोग्य भारती की कार्यशाला में कहा
भोपाल। राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने बच्चों को फास्ट फ़ूड से बचने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक चीजें कुदरत की देन हैं, उन्हें अपनाएँ। अनियमित खान-पान से स्वास्थ्य प्रभावित होता है। स्वास्थ्य सुधार की दृष्टि से नियमित खान-पान पर ध्यान देना होगा। ाज्यपाल पटेल रविवार को गाँधी मेडिकल कॉलेज के सभागार में हुई एक दिवसीय आरोग्य भारती की राष्ट्रीय फिजियोथैरेपी कॉन्फ्रेंस को संबोधित कर रहे थे।
राज्यपाल ने कहा है कि फिजियोथैरेपी के ज़रिए सम्पूर्ण स्वास्थ्य को ठीक रखा जा सकता है। इस दिशा में शोध एवं अनुसंधान के और अधिक प्रयास किए जाना चाहिए। रराज्यपाल ने कहा कि अपना स्वास्थ्य खुद की जि़म्मेदारी है। आरोग्य भारती इस दिशा में काम कर रही है। योग और प्राणायाम को अपनी जीवन शैली में अपना कर स्वास्थ्य लाभ लिया जा सकता है। पटेल ने कहा कि फिजियोथैरेपी सम्पूर्ण स्वास्थ्य को ठीक रखने का काम करती है। इससे रोगों का निदान आसानी से किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि चिकित्सा तंत्र जहाँ एक ओर व्यवसाय है, वहीं इसके माध्यम से समाज-सेवा के भी पर्याप्त अवसर उपलब्ध हैं। सभी को इस दिशा में भी विचार करना चाहिए।
राज्यपाल पटेल ने कहा कि फिजियोथैरेपी एक ऐसी उपचार प्रणाली है, जिसमें बिना दवाई और इंजेक्शन के शरीर की आंतरिक समस्याओं का निदान होता है। फिजियोथैरेपी में व्यायाम, उष्मा, प्रकाश, जल, विद्युत प्रवाह इत्यादि विशिष्ट उपचारात्मक उपायों से बीमारी और विकारों का उपचार किया जाता है।