img-fluid

5 हजार पौधे लगाने का दावा, नेहरू पार्क में केवल 300 गड्ढे

June 04, 2025

  • कांग्रेस ने किया वीडियो जारी… पौधारोपण केवल ढोंग…

इन्दौर। विश्व पर्यावरण दिवस पर नगर निगम द्वारा नेहरू पार्क में 5 हजार पौधे लगाने का दावा अब विवादों में घिर गया है। कांग्रेस नेताओं ने कल भाजपा की पोल खोलते हुए नेहरू पार्क का स्टिंग आपरेशन किया, जहां पर पूरे पार्क में खोदे गए गड्ढों की गिनती बमुश्किल 300 तक पहुंची। कांग्रेसियों ने वीडियो जारी कर कहा कि निगम का दावा पूरी तरह से झूठा है। कांग्रेस नेताओं ने मंगलवार को नेहरू पार्क का दौरा कर पौधारोपण के लिए किए गए गड्ढों की गिनती की। कांग्रेस नेता विवेक खंडेलवाल और अनिल यादव ने बताया कि पार्क में लगभग कुल 300 गड्ढे खोदे गए हैं, जिनमें पौधारोपण किया जाना है। ऐसे में 5 हजार पौधों का दावा पूरी तरह से फर्जी साबित हो रहा है। कांग्रेस ने इस पूरी कार्रवाई को पौधारोपण के नाम पर खुला भ्रष्टाचार करार देते हुए कहा कि यह पहली बार नहीं है जब नगर निगम ने पौधारोपण के नाम पर फर्जीवाड़ा किया है। हर वर्ष करोड़ों रुपए का घोटाला इस तरह के आयोजनों के नाम पर किया जा रहा है। कांग्रेस ने इस मुद्दे पर वीडियो सबूत जारी करते हुए दिखाया गया है कि नेहरू पार्क में 5 हजार पौधे लगाने की ना तो जगह है और ना ही तैयारी।

निगम के साथ भाजपा संगठन भी चलाएगा अभियान
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर कल 5 जून से पौधारोपण की होने वाली शुरुआत में नगर निगम के साथ ही भाजपा संगठन भी अगस्त तक पौधारोपण का अभियान चलाएगा। निगम की ओर से कल सबसे पहले नेहरू पार्क में पौधारोपण कर इस अभियान की शुरुआत की जाएगी। प्रदेश के नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के साथ ही इंदौर के सारे विधायक और प्रमुख नेता इस पौधारोपण में मौजूद रहेंगे। इसके साथ ही हर जोनल कार्यालय के क्षेत्र में एक वार्ड में पौधारोपण किया जाएगा। भाजपा संगठन द्वारा भी एक पेड़ मां के नाम के रूप में पौधारोपण का अभियान शुरू किया जा रहा है। कल इस संदर्भ में भाजपा अध्यक्ष सुमित मिश्रा, परिषद सदस्य राजेंद्र राठौर ने कहा कि हर मंडल स्तर पर पौधारोपण का व्यापक अभियान चलाया जाए। इस अभियान में संगठन के लोगों के साथ क्षेत्र के पार्षद को भी सहभागी बनाया जाए। हर मंडल में इस कार्य को करने के लिए 3 सदस्य की कमेटी का गठन अलग से किया जाए।


कल पर्यावरण दिवस से शुरू होगा स्वस्थ संभाग अभियान
कमिश्नर और कलेक्टर की पहल पर लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के सहयोग से श्री अरबिंदो अस्पताल द्वारा आयोजित किए जाने वाले 61 संभागस्तरीय नि:शुल्क प्रिवेंटिव हेल्थ कैंप्स का सिलसिला कल विश्व पर्यावरण दिवस से शुरू किया जाएगा। कल सन्मति स्कूल परिसर में सुबह 10 से शाम 5 बजे तक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा। अरबिंदो के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. महक भंडारी ने बताया हेल्थ कैंप में कैंसर, जनरल मेडिसिन, हृदय रोग, लिवर एवं पेट से जुड़े रोग और टीबी आदि रोगों की जांच एवं इलाज के लिए चिकित्सक मौजूद रहेंगे।

दूसरा शिविर 7 जून को , 13 शिविरों के स्थान चिन्हित किए
संभागस्तरीय चिकित्सा शिविरों की शृंखला के तहत जून माह में लगाए जाने वाले 13 शिविरों के स्थान एवं समय तय कर दिए गए हैं। दूसरा शिविर 7 जून को बाल विनय मंदिर में लगाया जाएगा। इसके बाद क्रमश: सीएम राइज स्कूल नंदानगर, संजीवनी क्लिनिक अहिल्या नगर, कनकेश्वरी स्कूल नंदानगर, एडवांस एकेडमी निपानिया, जिला अस्पताल धार रोड, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाणगंगा, यूपीएचसी गुमास्ता नगर, पीएचसी स्कूल बिचौली हप्सी, खजराना गणेश मंदिर, यूपीएचसी खजराना और गांधी हॉल में नि:शुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित किए जाएंगे।

Share:

  • 3 लाख स्क्वेयर फीट में निर्मित बस टर्मिनल के लिए ठेकेदार फर्म की तलाश जारी

    Wed Jun 4 , 2025
    – फिलहाल प्राधिकरण को ही करना पड़ रहा है रख-रखाव – ८० लाख रुपए प्रतिमाह के खर्च का लगाया अनुमान – एयरपोर्ट संचालकों से लेकर शराब ठेकेदार भी ठेके के इच्छुक इंदौर। प्राधिकरण ने कुमेर्डी में एयरपोर्ट की तर्ज पर विशाल आईएसबीटी निर्मित तो कर दिया है, मगर उसके संचालन-संधारण के लिए अभी तक उपयुक्त […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2025 Agnibaan , All Rights Reserved