वाशिंगटन। अमेरिका में तितलियों (Butterflies in America) की संख्या तेजी से घट रही है। बीते दो दशकों में उनकी आबादी में 22 फीसदी की गिरावट आई है। यह खुलासा मिशिगन स्टेट यूनिवर्सिटी (Michigan State University) के शोधकर्ताओं के ताजा अध्ययन में हुआ है। अध्ययन में 1.26 करोड़ तितलियों को शामिल किया गया, जिनमें 554 प्रजातियों का आकलन हुआ।
तितलियों की विलुप्ति दर
तितलियों की विलुप्ति दर मधुमक्खियों की तुलना में 13 गुना अधिक पाई गई है। ये जीव न केवल परागण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं बल्कि अन्य जीवों और पक्षियों के लिए भी खाद्य स्रोत का काम करते हैं। अध्ययन के अनुसार 20 वर्षों के दौरान तितलियों की 33 फीसदी प्रजातियों यानी 342 में से 114 की संख्या में भारी गिरावट आई, जबकि केवल 9 प्रजातियों की आबादी में वृद्धि देखी गई। 107 प्रजातियों में 50 फीसदी से अधिक की गिरावट पाई गई, जिनमें से 22 प्रजातियों की आबादी 90 फीसदी तक कम हो चुकी है। अमेरिका में सभी तितली परिवारों की संख्या घट रही है। प्रत्येक परिवार की 60 से 75 फीसदी प्रजातियों में गिरावट दर्ज की गई है।
और अधिक गंभीर हो सकते हैं हालात
शोधकर्ताओं ने बताया कि अमेरिका में कुल 650 प्रजातियों में से केवल 554 (85 फीसदी) काे अध्ययन में शामिल किया गया है। जबकि 342 प्रजातियों (53 फीसदी) से संबंधित पर्याप्त डेटा उपलब्ध था। विश्लेषण करने वाले विशेषज्ञों का मानना है कि तितलियों की वास्तविक गिरावट अध्ययन से भी अधिक गंभीर हो सकती है, क्योंकि दुर्लभ प्रजातियों के डेटा सीमित हैं और वे विशिष्ट आवासों में पाई जाती हैं।
जलवायु परिवर्तन घटती आबादी का मुख्य कारण
शोधकर्ता वैज्ञानिकों ने जलवायु परिवर्तन को तितलियों की घटती आबादी का मुख्य कारण बताया है। इसके अलावा आवासों की कमी और कीटनाशकों के अधिक उपयोग को भी महत्वपूर्ण कारक माना है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved