
नई दिल्ली। महाराष्ट्र(Maharashtra) में खाने पीने के सामान की गुणवत्ता(quality) और साफ सफाई को लेकर फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन(Food and Drug Administration) यानी FDA ने बड़ी कार्रवाई की है। मुंबई के मलाड वेस्ट स्थित Blinkit के एक डार्क स्टोर में जांच के दौरान गंदगी के साथ बड़ी संख्या में कॉकरोच पाए गए। इसके अलावा स्टोर में एक्सपायरी और टैम्पर्ड पैकेटबंद खाद्य सामग्री भी रखी मिली। गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए FDA ने तत्काल प्रभाव से स्टोर का फूड लाइसेंस सस्पेंड कर दिया है। लाइसेंस निलंबित रहने तक यहां किसी भी तरह का खाद्य कारोबार बिक्री या वितरण नहीं किया जा सकेगा।
FDA की टीम ने 7 अगस्त को मलाड वेस्ट के सर्वोदय भवन स्थित Blinkit स्टोर पर निरीक्षण किया था। जांच के दौरान अधिकारियों को फल और सब्जियों के स्टोरेज एरिया में बड़ी संख्या में कॉकरोच घूमते मिले। खाद्य सामग्री के आसपास इस तरह की गंदगी सामने आने से संक्रमण और खाद्य सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए। अधिकारियों ने पाया कि स्टोर के कोल्ड रूम में भी साफ सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं थी और वहां एक्सपायर्ड तथा ऐसे पैकेट रखे हुए थे जिनके साथ छेड़छाड़ की गई थी।
जांच में खाद्य सामग्री के भंडारण को लेकर भी नियमों का पालन नहीं मिला। स्टोर में FIFO यानी पहले आने वाले सामान को पहले बेचने और FEFO यानी जिसकी एक्सपायरी पहले हो उसे पहले निकालने की व्यवस्था ठीक से लागू नहीं थी। इसके अलावा चूहों और दूसरे कीड़ों को रोकने के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं पाए गए। कचरा प्रबंधन भी संतोषजनक नहीं था। FDA अधिकारियों के मुताबिक खाद्य सामग्री को सुरक्षित रखने के लिए जिस स्तर की स्वच्छता और निगरानी जरूरी होती है वह व्यवस्था यहां नजर नहीं आई।
इतना ही नहीं फूड हैंडलर्स को लेकर भी कई कमियां सामने आईं। अधिकारियों को कर्मचारियों की मेडिकल या हेल्थ रिपोर्ट नहीं मिली। व्यक्तिगत स्वच्छता और खाद्य सामग्री संभालते समय जरूरी सुरक्षात्मक उपकरणों के इस्तेमाल को लेकर भी नियमों का पालन नहीं पाया गया। इन सभी कमियों को गंभीर मानते हुए FDA ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए लाइसेंस सस्पेंड कर दिया।
इसी बीच बुलढाणा जिले में Reliance Retail के एक आउटलेट पर भी FDA ने कार्रवाई की है। यहां उपभोक्ताओं की शिकायत के बाद जांच की गई। शिकायत में आरोप था कि आउटलेट से खरीदी गई लक्ष्मी नारायण ब्रांड की काजू कतली में फफूंद लगी थी और उसमें जीवित कीड़े भी पाए गए थे। शिकायत मिलने के बाद FDA की टीम ने 8 अगस्त को संबंधित आउटलेट का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध काजू कतली के सैंपल लिए।
कार्रवाई के दौरान FDA ने कुल 11.34 किलोग्राम वजन वाले काजू कतली के 54 बॉक्स जब्त किए। इन मिठाइयों के नमूने जांच के लिए फूड लेबोरेटरी भेजे गए हैं। अब लैब रिपोर्ट के आधार पर यह तय होगा कि खाद्य सामग्री गुणवत्ता और सुरक्षा के निर्धारित मानकों पर खरी उतरती है या नहीं। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर ऑनलाइन ग्रॉसरी स्टोर और बड़े रिटेल आउटलेट्स में खाद्य सामग्री की स्टोरेज और हाइजीन व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। FDA की कार्रवाई से साफ है कि खाने पीने की चीजों में गंदगी एक्सपायर्ड सामान या खराब गुणवत्ता पाए जाने पर बड़ी कंपनियों और रिटेल स्टोर्स के खिलाफ भी सख्त कदम उठाया जा सकता है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved