
बर्मिंघम। भारतीय पूरूष हॉकी टीम (Indian men’s hockey team) ने बुधवार को राष्ट्रमंडल खेल 2022 (Commonwealth Games 2022) में अपने पूल बी मैच में कनाडा (Canada) को 8-0 से रौंद दिया। इस जीत के साथ टीम इंडिया ग्रुप-बी में पहले स्थान पर पहुंच गई है।
भारतीय टीम ने इस मुकाबले में जोरदार शुरूआत की और मैच के सातवें मिनट में हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी को गोल में बदलकर भारत को पहली सफलता दिलाई। इस गोल के 3 मिनट बाद ही मैच के 10वें मिनट में अमित रोहिदास ने बेहतरीन मैदानी गोल कर भारत को 2-0 से आगे कर दिया।
20वें मिनट में ललित उपाध्याय ने एक और गोल कर भारत की बढ़त 3-0 कर दी। सात मिनट बाद ही मैच के 27वें मिनट में गुरजंत सिंह ने एक और गोल कर भारत को 4-0 से आगे कर दिया।
मध्यांतर तक भारतीय टीम 4-0 से आगे रही। मध्यांतर के बाद भारतीय टीम ने एक बार फिर आक्रामक रूख अख्तियार किया और मध्यांतर के 8 मिनट बाद मैच के 38वें मिनट में आकाशदीप सिंह ने मैदानी गोल कर भारत की बढ़त 5-0 कर दी।
इसके बाद मैच के 56वें मिनट में भारत को पेनल्टीकार्नर मिला, जिसे हरमनप्रीत सिंह ने गोल में बदलकर भारत को 6-0 से आगे किया। 2 मिनट बाद ही मनदीप सिंह ने भारत के लिए सावां गोल किया। मैच के अंतिम मिनट में आकाशदीप सिंह ने एक और गोल कर भारत को 8-0 से जीत दिला दी। इस जीत के साथ टीम इंडिया ग्रुप-बी में पहले स्थान पर पहुंच गई है। उसके तीन मैचों में सात अंक हैं। भारत ने कनाडा से पहले घाना को हराया था। वहीं, इंग्लैंड के खिलाफ मैच बराबरी पर छूटा था। (एजेंसी, हि.स.)
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved