
बर्मिंघम। राष्ट्रमंडल खेल 2022 (Commonwealth Games 2022) में रविवार को ट्रिंपल जंप में भारत ने इतिहास रच दिया है। भारतीय एथलीट्स (Indian athletes) एल्डहॉस पॉल (Aldhaus Paul ) और अबदुल्ला अबूबैकर (Abdullah Abubacker) ने ट्रिपल जंप में पहले दो स्थान हासिल कर क्रमशः स्वर्ण और रजत पदक पर कब्जा किया।
एल्डहॉस ने 17.03 मीटर की दूरी तय करने के साथ ही स्वर्ण पर कब्जा किया तो, वहीं, अबदुल्ला अबूबैकर ने 17.02 मीटर की दूरी तय करने के साथ रजत पदक पर कब्जा किया है। भारत के ही प्रवीन चितरले चौथे स्थान पर रहे और कांस्य पदक जीतने से सिर्फ 0.03 मीटर दूर रह गए। उन्होंने 16.89 मीटर की दूरी तय की।
पॉल सीडब्ल्यूजी इवेंट में 17 मीटर क्लियर करने वाले पहले जम्पर बने, उन्होंने अपने तीसरे प्रयास में 17.03 मीटर (व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ) की छलांग लगाई। पॉल यूजीन में विश्व चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचे थे, जहां उन्होंने 16.79 मीटर की छलांग लगाई थी।
बता दें कि एशियाई खेलों के चैंपियन अरपिंदर सिंह राष्ट्रमंडल खेलों में पदक (कांस्य, ग्लासगो 2014) जीतने वाले अंतिम ट्रिपल जम्पर थे। (एजेंसी, हि.स.)
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved