
इन्दौर। बाणगंगा क्षेत्र के वार्ड 17 के कांग्रेस के मंडलम अध्यक्ष के यहां घर में काम करने वाली महिला ने उस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोपी ने चाय बनाने के बहाने उसे घर बुलाया और मौका देखकर छेड़छाड़ सहित उसका हाथ पकड़ा। देर रात महिला पति को लेकर बाणगंगा थाने पहुंची और आरोपी कांग्रेसी नेता के खिलाफ प्रकरण दर्ज कराया।
बाणगंगा स्थित ऋषि नगर में रहने वाली एक महिला ने कल बाणगंगा थाने पहुंचकर वार्ड क्र. 17 के कांग्रेस के मंडलम अध्यक्ष विनोद शर्मा के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कराया। महिला का कहना है कि आरोपी बाणगंगा स्थित सत्यसांई स्कूल का संचालक है। 27 सितम्बर को शाम 4 बजे उसने चाय बनाने के बहाने उसे घर बुलाया और मौका देखकर घर का दरवाजा बंद कर लिया और उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा और गलत नीयत से हाथ भी पकड़ लिया। विरोध करने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी भी दी। यह पूरा मामला फरियादी ने अपने पति को बताया तो वह महिला को लेकर बाणगंगा थाना पहुंचा, जहां पहले तो रिपोर्ट लिखाने पर आनाकाना की गई। घटना की जानकारी मिलते ही थाने पर ही भाजपा और कांग्रेस से जुड़े भी नेता भी पहुंच गए। काफी माथापच्ची के बाद आरोपी के खिलाफ पुलिस ने धारा 354, 354 (क) 342 और 506 के तहत प्रकरण दर्ज किया। देर रात तक बाणगंगा थाने में कांग्रेस और भाजपा से जुड़े नेताओं का आना-जाना लगा रहा। इस दौरान कांग्रेसी रिपोर्ट दर्ज न हो इस पर अड़े रहे तो भाजपाई फरियादी महिला के पक्ष में खड़े नजर आए।
कांग्रेस में किसी भी गलत व्यक्ति को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अभी तक मुझे मंडलम अध्यक्ष के मामले की जानकारी नहीं मिली है। अगर पार्टी से जुड़े व्यक्ति ने किसी महिला के साथ गलत हरकत की है तो इस मामले की जांच कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
-विनय बाकलीवाल, शहर कांग्रेस अध्यक्ष
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved