
हैदराबाद । कांग्रेस सांसद राहुल गांधी (Congress MP Rahul Gandhi) ने तेलंगाना और आंध्र प्रदेश पीएसी की संयुक्त बैठक (Joint meeting of Telangana and Andhra Pradesh PAC) में शिरकत की (Attended) ।
राहुल गांधी सोमवार सुबह एक दिवसीय यात्रा पर तेलंगाना पहुंचे और विकाराबाद स्थित एसएपी आर्ट्स एंड साइंस कॉलेज में कांग्रेस की राजनीतिक मामलों की संयुक्त समिति (पीएसी) की बैठक में शामिल हुए। राहुल गांधी, केसी वेणुगोपाल के साथ राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पहुंचे और वहां से विकाराबाद के लिए रवाना हुए। मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने राहुल गांधी का हवाई अड्डे पर स्वागत किया। उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्का, तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष महेश कुमार गौड़ और आंध्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष वाय.एस शर्मिला ने विकाराबाद में राहुल गांधी का स्वागत किया। पीएसी की बैठक में शामिल होने के बाद राहुल गांधी अनंतगिरी हिल्स के हरिता रिसॉर्ट गए, जहां उन्होंने तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के नवनियुक्त जिला कांग्रेस समिति अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर में भाग लिया।
इन दोनों राज्यों के जिला कांग्रेस समिति अध्यक्षों ने 10 दिन का प्रशिक्षण पूरा किया है, जिसका उद्देश्य पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत करना है। राहुल गांधी के इस दौरे के बीच मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, टीपीसीसी प्रमुख और वरिष्ठ नेता पार्टी से जुड़े महत्वपूर्ण मामलों पर चर्चा कर सकते हैं। तेलंगाना से दो राज्यसभा सीटों के लिए आगामी चुनाव भी चर्चा हो सकती है। राज्य कांग्रेस नेतृत्व राज्यसभा टिकटों के लिए नामों की सूची पेश कर सकता है।
कई वरिष्ठ नेता टिकट चाहते हैं। इसमें वरिष्ठ कांग्रेस नेता श्याम मोहन अनंतुला, मुख्यमंत्री के सलाहकार वेम नरेंद्र रेड्डी, पूर्व राज्यसभा सदस्य वी. हनुमंथा राव, तेलंगाना स्टेट प्लानिंग बोर्ड के अध्यक्ष जी. चिन्णा रेड्डी, पूर्व सांसद मधु यास्की गौड़, तेलंगाना कृषि और किसान कल्याण आयोग के अध्यक्ष एम. कोदंडा रेड्डी शामिल हैं। चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 5 मार्च है, जबकि चुनाव 16 मार्च को होंगे।
अभिषेक मनु सिंघवी और केआर सुरेश रेड्डी का राज्यसभा कार्यकाल 9 अप्रैल को समाप्त हो रहा है। कांग्रेस के पास 119 सदस्यीय विधानसभा में 66 विधायक हैं। सहयोगी सीपीआई (1 विधायक) और एआईएमआईएम (7 विधायक) के समर्थन से दोनों सीटों पर जीत को लेकर आश्वस्त है। रिपोर्ट्स के अनुसार कांग्रेस नेतृत्व, अभिषेक मनु सिंघवी को फिर से राज्यसभा भेजना चाहता है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved