जिले की खबरें मध्‍यप्रदेश

सिंधिया के घर ग्वालियर में कांग्रेस का दो सीटों पर कब्जा, भाजपा को मिली एक सीट

ग्वालियर। वरिष्ठ भाजपा नेता और राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया Jyotiraditya Scindiaके घर में कांग्रेस को अभूतपूर्व सफलता मिली है। ग्वालियर जिले के तीन विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव हुए थे, जिनमें से दो पर कांग्रेस ने कब्जा किया है, जबकि एक सीट भाजपा को मिली है। भाजपा के तीनों उम्मीदवार सिंधिया समर्थक और कांग्रेस छोडक़र भाजपा में आए थे और इनमें दो को मंत्री पद से नवाजा गया था। इनमें मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने ग्वालियर सीट से जीत हासिल की है, जबकि मंत्री इमरती देवी डबरा सीट से हार गईं। इसके अलावा मुन्नालाल गोयल ग्वालियर पूर्व से भाजपा छोड़ कांग्रेस में गए डॉ. सतीश सिंह सिकरवार से पराजित हुए। तीनों सीटें के नतीजे मंगलवार देर रात करीब दो बजे घोषित किये गये।
दरअसल, प्रदेश में इसी साल मार्च के महीने में Jyotiraditya Scindia और उनके समर्थक विधायक कांग्रेस छोडक़र भाजपा में आ गए थे। इसके बाद यहां इन सीटों पर उपचुनाव हुए। इनमें ग्वालियर जिले की तीन सीटें शामिल हैं। जिले की ग्वालियर, ग्वालियर पूर्व और डबरा विधानसभा क्षेत्रों में गत तीन नवम्बर को मतदान हुआ था और मंगलवार को एमएलबी कॉलेज में हुई मतगणना के उपरांत देर रात नतीजे घोषित किये गये। ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र के उप चुनाव की मतगणना के बाद भाजपा उम्मीदवार प्रद्युम्न सिंह तोमर विजयी घोषित किए गए। ग्वालियर पूर्व विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. सतीश सिंह सिकरवार विजयी रहे, जबकि डबरा से कांग्रेस प्रत्याशी सुरेश राजे जीते। मतगणना संपन्न होने के बाद संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों द्वारा परिणाम घोषित कर विजयी प्रत्याशियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए।  
ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार प्रद्युम्न सिंह तोमर ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस  उम्मीदवार सुनील शर्मा को 33 हजार 123 मतों से पराजित किया। तोमर को कुल 96 हजार 27 और शर्मा को 62 हजार 904 मत प्राप्त हुए। ग्वालियर पूर्व से कांग्रेस के डॉ. सतीश सिकरवार ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी भाजपा के मुन्नालाल गोयल को 8 हजार 555 मतों से हराया। डॉ. सतीश सिकरवार को 75 हजार 342 मत और मुन्नालाल गोयल को 66 हजार 787 मत प्राप्त हुए। इसी तरह डबरा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी सुरेश राजे ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी भाजपा प्रत्याशी इमरती देवी को 7 हजार 633 मतों से पराजित किया। सुरेश राजे को 75 हजार 689 एवं इमरती देवी को 68 हजार 56 मत प्राप्त हुए। 
गौरतलब है कि प्रद्युम्न सिंह तोमर और इमरती देवी कांग्रेस की कमलनाथ सरकार में भी मंत्री रहे और भाजपा में आने के बाद शिवराज सरकार में मंत्री बनाए गए। इनमें से तोमर जीत गए, जबकि इमरती देवी हार गईं। वहीं, कांग्रेस उम्मीदवार डॉ. सतीश सिंह सिकरवार पिछला विधानसभा का चुनाव भाजपा के टिकट पर लड़े थे, लेकिन उपचुनाव से पहले उन्होंने पाला बदला और कांग्रेस में शामिल हो गए। कांग्रेस ने उन्हें टिकट दिया था और उन्होंने कांग्रेस से भाजपा में पहुंचे पूर्व विधायक मुन्नालाल गोयल को परास्त किया।(हि.स.)

 

Share:

Next Post

जीत की खुशी में भाजपा नेता के बेटे ने चलाया पटाखा, हत्या कर शव पेड़ पर लटका दिया

Wed Nov 11 , 2020
कटिहार। बिहार के कटिहार में एनडीए (NDA) की जीत की खुशी में पटाखे जलाने पर एक युवक की हत्या (Murder) कर दी गई। मृतक भाजपा बूथ अध्यक्ष और वार्ड मेंबर का पुत्र था। परिवार के लोगों ने बताया कि पटाखे छोड़कर कर जश्न मनाना उनके बेटे के लिए भारी पड़ गया और विवाद इतना बढ़ […]