बड़ी खबर

यूपी चुनाव के लिए कांग्रेस ने जारी किया अपना घोषणा पत्र


नई दिल्ली । यूपी विधानसभा चुनाव (UP Assembly Elections) के मद्देनजर कांग्रेस (Congress) ने शुक्रवार को अपना घोषणा पत्र (Manifesto) जारी किया (Released) । इसे जारी करते हुए कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि हमने अपने मेनिफेस्टो को युवाओं से बात करते हुए तैयार किया है। उन्होंने कहा कि देश और उत्तर प्रदेश की मूल समस्या देश के हर युवा को पता है।


राहुल गांधी ने कहा कि युवाओं के लिये कांग्रेस के पास खोखले शब्द नहीं, बल्कि एक रणनीति है। युवाओं को हम रोजगार कैसे देंगे इसकी जानकारी घोषणापत्र में है। हमने यूपी के युवाओं से बात करके उनके विचार इसमें शामिल किए हैं। राहुल ने कहा कि उत्तर प्रदेश में हर 24 घंटे में लगभग 880 युवा रोज़गार खोते हैं। भाजपा के पिछले 5 सालों के शासन में लगभग 16 लाख युवाओं ने रोज़गार खोया है। उन्होंने कहा कि देश को सच दिख रहा है कि आखिर ऐसा क्यों हुआ। यूपी के युवाओं को नए विजन की जरूरत है। हम देश की लड़ाई लड़ रहे हैं और आप प्रदेश की लड़ाई लड़ रहे हैं।

राहुल ने मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, “प्रधानमंत्री ने कहा था कि हम आपको हर साल 2 करोड़ रोज़गार देंगे। सच्चाई सबको दिख रही है। ऐसा क्यों हो रहा है। क्योंकि देश का पूरा धन 2-3 बड़े उद्योगपतियों के हाथों में दिया जा रहा है।” कांग्रेस नेता ने कहा कि भारत को एक नए विजन की ज़रुरत है। भारत को विजन कांग्रेस पार्टी ही दे सकती है, छोटी-छोटी पार्टियां नहीं दे सकती हैं। भाजपा का विजन देश का विजन नहीं है। अगर उत्तर प्रदेश को एक नया विजन नहीं दिया गया तो भारत को एक नया विजन नहीं दिया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि रोज़गार छोटे और मीडियम व्यवसाय से आते हैं। रोज़गार बड़े-बड़े व्यवसाय से कम आता है। भाजपा की नीति छोटे व्यापारियों को ख़त्म करने की है। नोटबंदी, गलत GST और कोरोना के समय सरकार द्वारा लिए गए गलत निर्णय के कारण 14 करोड़ युवाओं ने रोज़गार खोया है।

घोषणा पत्र जारी करते हुए पार्टी राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी मौजूद रहीं। उन्होंने कहा, “इस मेनिफेस्टो को बनाने के लिए हमारे नेताओं, कार्यकर्ताओं ने हर ज़िले में युवाओं से बात कर उनकी बड़ी समस्याओं को समझा। उन्हीं में से निकले हुए मुद्दे भर्ती विधान में शामिल किए गए हैं। इसे भर्ती विधान इसलिए कहा है क्योंकि प्रदेश में बड़ी समस्या भर्ती की है।” प्रियंका गांधी ने कहा, “उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आने पर प्राथमिक विद्यालयों में डेढ़ लाख शिक्षकों की भर्ती की जाएगी। वहीं पेपर लीक होने पर कड़ी सजा दी जाएगी। शिक्षा बजट को भी बढ़ाया जाएगा।”

प्रियंका गांधी ने कहा, “हमारी सरकार आने पर सरकारी नौकरियों में लड़कियों के लिए 40% आरक्षण का प्रावधान देंगे। इसके अलावा राज्य में रोजगार के बेहतर अवसर पैदा करने के लिए एक जॉब कैलेंडर बनाया जाएगा और उसका सख्ती से पालन किया जाएगा।” उन्होंने कहा कि हम स्टार्टअप्स के लिए 5000 करोड़ रुपये मुहैया कराएंगे। बता दें कि कांग्रेस ने पुलिस विभाग में 1 लाख रिक्त पद भरने का वादा किया है।
कांग्रेस के घोषणा पत्र की मुख्य बातें:
1.50 लाख शिक्षक खाली पदों पर भर्ती
परीक्षार्थियों के लिए बस, रेल की यात्रा फ्री होगी
महिलाओं के लिए 8 लाख सरकारी पद
जॉब कैलेंडर
पेपर, ज्वाइनिंग की तारीख पहले से तय होगा
सभी प्रतियोगी परीक्षाएं नि:शुल्क
5 हजार करोड़ रुपये सीड स्टार्टअप फंड के लिए
30 साल से कम उम्र के उद्यमियों को प्राथमिकता
20 लाख सरकारी नौकरियों की गारंटी

प्रियंका गांधी ने कहा कि जनता को जागरुक होना ही पड़ेगा। जातिवाद, सांप्रदायिकतावाद से आपका पेट नहीं भरने वाला है। इससे सिर्फ़ कुछ राजनीतिक दलों का फायदा होगा। उन्होंने कहा कि जब आपको मालूम है कि आपको जाति और धर्म के आधार पर वोट मिलेगा। तो फिर आप उसका नल क्यों लगाएंगे, उसकी सड़क, स्कूल क्यों बनाएंगे, उसके लिए कुछ क्यों करेंगे। लेकिन जब सरकार बनाने की बात होती है तब जवाबदेही मांगिए और विकास पर अपना वोट दीजिए।

Share:

Next Post

Virat Kohli को स्टंप घोंपकर मारना चाहता था ये क्रिकेटर, ये थी वजह

Fri Jan 21 , 2022
नई दिल्ली: टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) मैदान के अंदर और बाहर क्रिकेट के अलावा कई विवादों में रहे हैं. विराट कोहली (Virat Kohli) के आक्रामक बर्ताव के कारण एक बार ऑस्ट्रेलिया का एक क्रिकेटर विराट कोहली (Virat Kohli) को स्टंप घोंपकर मारना चाहता था. कोहली को स्टंप घोंपकर मारना चाहता था […]