
विदिशा। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के विदिशा जिले (Vidisha District) में कांग्रेस ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। बढ़ती महंगाई और स्थानीय समस्याओं को लेकर विशाल रैली निकाली। वहीं गैस टंकी की अर्थी (gas tank bier) निकालकर अनोखा प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रैली के बाद धरना दिया और तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा है।
विदिशा के लटेरी मे बढ़ती महंगाई और स्थानीय समस्याओं को लेकर सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। गैस सिलेंडर और बिजली बिलों में हुई बेतहाशा बढ़ोतरी के साथ ही डीजल-पेट्रोल की किल्लत के विरोध में सिरोंज चौराहे से जय स्तंभ चौराहे तक विशाल रैली निकाली। इस प्रदर्शन का सबसे आकर्षक और भावुक पहलू गैस की टंकी और बिजली बिलों की ‘अर्थी’ निकालना रहा।
शिक्षा व्यवस्था पर भी सवाल
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता गैस सिलेंडर पर अपना माथा पटक-पटक कर विलाप करते नजर आए, जो जनता पर पड़ रहे आर्थिक बोझ को दर्शा रहा था। रैली के बाद कार्यकर्ताओं ने चौराहे पर धरना दिया और तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। महंगाई के अलावा, कांग्रेस ने शिक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए।
सांदीपनि स्कूल के खराब परीक्षा परिणाम पर नाराजगी
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष यदवीर सिहं बघेल और कार्यकर्ताओं ने स्थानीय सांदीपनि विद्यालय के खराब परीक्षा परिणाम पर गहरी नाराजगी जताई और जिम्मेदार शिक्षकों के तत्काल स्थानांतरण की मांग की। कार्यकर्ताओं का कहना है कि सरकार की गलत नीतियों से आम आदमी का जीना मुहाल हो गया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved