
इंदौर। नीट का पेपर लीक होना और इस तरह से परीक्षाओं को मजाक बना देने के विरोध में प्रदेश कांग्रेस के द्वारा कल मंगलवार को इंदौर से भोपाल तक साइकिल रैली का आयोजन शुरू होगा। यह साइकिल रैली 2 दिन तक को चलने के बाद भोपाल पहुंचेगी। इस यात्रा के लिए युवाओं में जोरदार उत्साह है।
इंदौर शहर कांग्रेस के अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने बताया कि मंगलवार को सुबह 8:00 बजे देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के आरएनटी मार्ग स्थित परिसर से यह साइकिल यात्रा शुरू होगी। यह यात्रा रीगल तिराहा, हाई कोर्ट तिराहा, मालवा मिल चौराहा, भमोरी, सयाजी होटल चौराहा, विजय नगर होते हुए शिप्रा की ओर जाएगी। इस यात्रा के लिए युवाओं में जोरदार उत्साह है। इस यात्रा का नेतृत्व मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी करेंगे। यात्रा की शुरुआत से ही सैकड़ो की संख्या में युवा और कांग्रेस कार्यकर्ता साइकिल लेकर शामिल होंगे।
चौकसे ने बताया कि इस यात्रा में यात्रा मार्ग के अलग-अलग स्थान से बड़ी संख्या में युवा शामिल होंगे। मार्ग में जितने नगर आएंगे वहां सभी स्थानों पर युवाओं के साथ चर्चा करते हुए भाजपा सरकार की गलत नीतियों को उजागर किया जाएगा। इस यात्रा के लिए व्यापक पैमाने पर तैयारी की गई है। रीगल तिराहा से लेकर शिप्रा तक के रास्ते में इंदौर जिला कांग्रेस, इंदौर शहर युवा कांग्रेस, भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन और महिला कांग्रेस के कार्यकर्ता भी अलग-अलग स्थान से जुड़ेंगे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved