
कोटा। प्रतियोगी परीक्षाओं (Competitive examinations) में धांधली, नीट पेपर लीक (NEET paper leak) और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस अब देशव्यापी छात्र संवाद अभियान शुरू करने जा रही है. इस अभियान का पहला पड़ाव देश की कोचिंग नगरी कोटा बनेगा, जहां लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) 17 जून को छात्रों के साथ सीधा संवाद करेंगे.
दशहरा मैदान स्थित श्रीराम रंगमंच में आयोजित होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में करीब 10 हजार छात्रों को शामिल करने का लक्ष्य रखा गया है. कांग्रेस का दावा है कि राहुल गांधी शाम 5 बजे से रात 9:30 बजे तक करीब साढ़े चार घंटे विद्यार्थियों के बीच रहेंगे और उनसे सीधे संवाद करेंगे.
पार्टी नेताओं के अनुसार, कार्यक्रम की खास बात यह होगी कि इसमें किसी नेता का भाषण नहीं होगा. राहुल गांधी छात्रों से वन-टू-वन संवाद कर उनकी समस्याएं, सुझाव और अनुभव सुनेंगे. नीट अभ्यर्थियों समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को इसमें आमंत्रित किया गया है।
कोटा से शुरू होगा राष्ट्रीय छात्र अभियान
कांग्रेस केंद्र सरकार को शिक्षा और परीक्षा प्रणाली के मुद्दे पर घेरने की रणनीति के तहत इस राष्ट्रव्यापी अभियान की शुरुआत कोटा से कर रही है. पार्टी का कहना है कि नीट पेपर लीक और प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आए कथित घोटालों ने लाखों छात्रों और अभिभावकों की चिंता बढ़ा दी है.
शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने रविवार को कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर लाडपुरा, कोटा उत्तर और कोटा दक्षिण विधानसभा क्षेत्रों के पदाधिकारियों की बैठकें आयोजित कीं. इन बैठकों में छात्रों की भागीदारी बढ़ाने और कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को लेकर जिम्मेदारियां तय की गईं.
शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष राखी गौतम ने पदाधिकारियों से अधिक से अधिक विद्यार्थियों को कार्यक्रम तक पहुंचाने का आह्वान किया. उन्होंने आरोप लगाया कि नीट पेपर लीक और परीक्षा प्रणाली में कथित अनियमितताओं को लेकर केंद्र सरकार गंभीर नहीं है तथा छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर जवाबदेही तय होनी चाहिए.
अभिभावकों से संपर्क का अभियान
एआईसीसी सचिव एवं राजस्थान सह-प्रभारी पूनम पासवान ने कहा कि राहुल गांधी छात्रों की समस्याओं को सुनने और उनकी आवाज को संसद तक पहुंचाने के उद्देश्य से कोटा आ रहे हैं. उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर अभिभावकों से मिलने और अपने बच्चों को संवाद कार्यक्रम में भेजने का आग्रह करने को कहा.
पूनम पासवान ने कहा कि छात्र देश का भविष्य हैं और उनकी चिंताओं को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाना जरूरी है. उनके अनुसार, कोटा से शुरू होने वाला यह अभियान आगे देश के अन्य शहरों तक पहुंचेगा.
सक्रिय हुआ कांग्रेस का केंद्रीय संगठन
राहुल गांधी के प्रस्तावित दौरे को लेकर कांग्रेस का केंद्रीय संगठन भी सक्रिय हो गया है. रविवार को एआईसीसी सचिव पूनम पासवान कोटा पहुंचीं, जबकि सोमवार को राजस्थान महिला कांग्रेस प्रभारी दीप्ति सिंह के शहर पहुंचने का कार्यक्रम है. इसके अलावा कांग्रेस नेता विनोद जाखड़ समेत प्रदेश और केंद्र के अन्य नेताओं के भी कोटा आने की संभावना है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved