
इंदौर। इंदौर से कर्नाटक के बेलगाम और महाराष्ट्र के कोल्हापुर का हवाई संपर्क जुडऩे जा रहा है। स्टार एयर द्वारा इंदौर से बेलगाम और कोल्हापुर से इंदौर के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट की शुरुआत की जा रही है। इन उड़ानों का संचालन 30 मार्च से शुरू होगा। ये दोनों उड़ानें मुंबई के रास्ते संचालित होंगी और इसमें यात्री बिना विमान बदले सफर पूरा कर सकेंगे। उल्लेखनीय है कि स्टार एयर द्वारा पहले इंदौर से गोंदिया और हैदराबाद के लिए उड़ानों का संचालन किया जाता था।
वहीं 15 जनवरी से कंपनी ने इसमें बदलाव करते हुए गोंदिया और मुंबई के लिए उड़ानों की शुरुआत की है। अब कंपनी समर शेड्यूल में अपनी सेवाओं का विस्तार करने जा रही है। एयरपोर्ट के जनसंपर्क अधिकारी रामस्वरूप यादव ने बताया कि 30 मार्च से कंपनी इंदौर से मुंबई के बीच संचालित होने वाली उड़ान का विस्तार करते हुए जाते समय बेलगाम और आते समय कोल्हापुर को जोडऩे जा रही है। इन उड़ानों का संचालन सप्ताह में तीन दिन सोम, बुध और शनिवार को किया जाएगा।
यह होगा उड़ानों का शेड्यूल
इंदौर-मुंबई-बेलगाम (एस5-462/112) –
यह फ्लाइट इंदौर से शाम 5.50 बजे रवाना होकर 7.05 बजे मुंबई पहुंचेगी। मुंबई से शाम 7.45 बजे रवाना होकर रात 8.50 बजे बेलगाम पहुंचेगी।
कोल्हापुर-मुंबई-इंदौर (एस5-163/461) –
यह फ्लाइट सुबह 10.40 बजे कोल्हापुर से रवाना होकर 11.45 बजे मुंबई पहुंचेगी। मुंबई से दोपहर 12.25 बजे रवाना होकर 1.40 बजे इंदौर पहुंचेगी।
पहले भी बेलगाम के लिए फ्लाइट ऑपरेट करता था स्टार एयर
स्टार एयर द्वारा 2019 में इंदौर से बेलगाम और राजस्थान के किशनगढ़ के लिए सीधी उड़ान का संचालन किया जाता था, लेकिन लॉकडाउन में उड़ानों के बंद होने के बाद कंपनी ने इन्हें दोबारा शुरू नहीं किया था। वहीं करीब एक साल पहले कंपनी ने इंदौर से गोंदिया और अहमदाबाद के लिए उड़ानों की शुरुआत की थी। बाद में गोंदिया तो जारी रही, लेकिन अहमदाबाद की जगह पहले हैदराबाद और बाद में मुंबई फ्लाइट को संचालित किया जा रहा है। अब मुंबई फ्लाइट से बेलगाम और कोल्हापुर का कनेक्शन मिलने से यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved