
इंदौर। नगर निगम द्वारा लक्ष्मीबाई प्रतिमा से जिंसी तक नई सडक़ बनाने के साथ-साथ वर्षों पुराना पुल तोडक़र नया बनाने की तैयारी है। आज सुबह निगम के रिमूवल अमले ने सबसे पहले पुराने पुल के आसपास के बाधक हिस्सों को हटाने की कार्रवाई शुरू की। आने वाले दिनों में वहां मकान, दुकानों की बाधाएं भी हटाई जाना हैं।
नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक लक्ष्मीबाई प्रतिमा से जिंसी चौराहे तक 80 फीट चौड़ी सडक़ बनाई जाना है। इसको लेकर पिछले दिनों नपती और निशान लगाने की कार्रवाई भी की गई थी। पूर्व में लगाए गए निशान के आधार पर कुछ रहवासियों ने अपने मकान, दुकान के हिस्से भी हटा लिए थे, लेकिन अधिकांश रहवासी सडक़ की चौड़ाई कम करने की मांग पर अड़े हुए हैं। इसी सडक़ पर वर्षों पुराना एक पुल भी है, जिसे पूरी तरह तोडक़र नया बनाया जाना है। अधिकारियों के मुताबिक करीब 15 करोड़ से अधिक की लागत से पुल और सडक़ का काम होगा। इसके लिए आज सुबह पुराने पुल के आसपास निगम की रिमूवल टीम ने दुकानें और कई अन्य बाधाओं को हटाने की कार्रवाई की।
दुर्घटना रुकेगी… लसूडिय़ा मोरी और पीपल्याकुमार में बनेंगी नई पुलियाएं
इंदौर। नगर निगम द्वारा लसूडिय़ा मोरी और पीपल्याकुमार में सालों पुरानी पुलियाओं को तोडक़र नया बनाने की तैयारी है। इसके लिए आज टेंडर भी जारी कर दिए गए हैं। दोनों ही स्थानों पर खस्ताहाल पुलों के कारण वहान चालकों से लेकर रहवासी परेशान थे। नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक शहर के कई पुल-पुलिया ज्यादा खस्ताहाल हैं और उन्हें बनाने का काम पहले दौर में शुरू किया जा रहा है, ताकि वहां किसी प्रकार की कोई दुर्घटना न हो। शहर में कई बड़े पुलों का निर्माण भी होना है, जिन्हें बाद में शुरू किया जाएगा। वार्ड 35 के अंतर्गत आने वाले लसूडिय़ा मोरी गांव से हनुमान मंदिर तक वर्षों पुरानी पुलिया को तोडक़र बनाए जाने का काम शुरू होगा और इसके लिए टेंडर जारी किए गए हैं। 8 माह में सारा काम पूरा करने की शर्तें रखी गई हैं और इस पर करीब 96 लाख रुपए से ज्यादा की राशि खर्च होगी। वहीं वार्ड क्रमांक 36 के पीपल्याकुमार स्थित पुलिया का निर्माण कार्य भी 60 लाख 91 हजार से होना है। काफी समय से उक्त पुलिया के लिए निगम को रहवासियों की शिकायतें मिल रही थीं, क्योंकि पुलिया की हालत जर्जर हो चुकी है और वहां किसी भी दिन कोई हादसा हो सकता है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved