img-fluid

सोनू निगम के बंगलूरू कॉन्सर्ट पर विवाद, कर्नाटक रक्षणा वेदिके ने पुलिस से अनुमति रोकने की मांग कर आंदोलन की चेतावनी दी

October 15, 2026


नई दिल्ली । गायक सोनू निगम (Sonu Nigam) के 24 अक्टूबर को बंगलूरू (Bengaluru) में प्रस्तावित कॉन्सर्ट (Concert) को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। कर्नाटक रक्षणा वेदिके (Karnataka Rakshana Vedike) ने कार्यक्रम के आयोजन पर आपत्ति जताते हुए पुलिस से इसकी अनुमति नहीं देने की मांग की है। संगठन का आरोप है कि सोनू निगम ने अप्रैल 2025 में एक कॉलेज में आयोजित संगीत कार्यक्रम के दौरान ऐसी टिप्पणी की थी, जिससे कन्नड़ (Kannada) भाषियों की भावनाएं आहत हुई थीं। संगठन ने चेतावनी (Warning) दी है कि यदि कार्यक्रम को अनुमति दी गई, तो राज्यभर में विरोध प्रदर्शन (Protest) किया जा सकता है।

कर्नाटक रक्षणा वेदिके के संयोजक टीए नारायण गौड़ा ने 14 अक्टूबर को बंगलूरू के पुलिस आयुक्त को पत्र लिखकर अपनी मांग रखी। पत्र में उन्होंने कहा कि सोनू निगम का कॉन्सर्ट 24 अक्टूबर को शाम सात बजे थानिसंद्रा मेन रोड स्थित भारतीय मॉल में प्रस्तावित है। यह कार्यक्रम ‘द रिवोल्यूशन इंडिया टूर’ के तहत आयोजित किया जाना है।

नारायण गौड़ा ने पुलिस से अनुरोध किया कि कार्यक्रम की अनुमति देने से पहले सार्वजनिक शांति और कानून-व्यवस्था पर पड़ने वाले संभावित प्रभावों को ध्यान में रखा जाए। संगठन का कहना है कि कॉन्सर्ट की अनुमति मिलने से लोगों में नाराजगी बढ़ सकती है और बड़े

स्तर पर विरोध प्रदर्शन की स्थिति बन सकती है। उसने अधिकारियों से मामले में जल्द निर्णय लेने की अपील भी की है।
विवाद की जड़ अप्रैल 2025 में बंगलूरू के एक कॉलेज में आयोजित संगीत कार्यक्रम से जुड़ी है। कर्नाटक रक्षणा वेदिके के अनुसार, उस कार्यक्रम के दौरान दर्शकों ने सोनू निगम से कन्नड़ भाषा में गाना गाने का अनुरोध किया था। संगठन का आरोप है कि इस अनुरोध के जवाब में गायक ने ऐसी टिप्पणी की, जिससे कन्नड़ भाषियों की भाषाई पहचान और भावनाओं को ठेस पहुंची।

नारायण गौड़ा ने अपने पत्र में इस मुद्दे को उठाते हुए कहा कि किसी कलाकार से कन्नड़ भाषा में गाना गाने का अनुरोध करना कोई अपराध नहीं है। संगठन का कहना है कि भाषा और उससे जुड़ी भावनाओं का सम्मान किया जाना चाहिए। इसी आधार पर उसने आगामी कॉन्सर्ट को अनुमति नहीं देने की मांग की है। हालांकि, टिप्पणी को लेकर संगठन की ओर से लगाए गए आरोपों के संबंध में कार्यक्रम के आयोजकों या सोनू निगम की प्रतिक्रिया की जानकारी उपलब्ध नहीं है।

इस मामले में पहले भी शिकायत दर्ज कराई गई थी। पत्र में उल्लेख किया गया है कि कर्नाटक रक्षणा वेदिके की बंगलूरू शहरी जिला इकाई के अध्यक्ष टीए धर्मराज ने 2 मई 2025 को अवलाहल्ली पुलिस थाने में शिकायत दी थी। शिकायत में सोनू निगम की कथित टिप्पणी के संबंध में कानूनी कार्रवाई की मांग की गई थी।

अब संगठन ने आगामी कार्यक्रम को लेकर अपनी आपत्ति दोबारा उठाई है। नारायण गौड़ा ने चेतावनी दी है कि यदि कॉन्सर्ट आयोजित करने की अनुमति दी जाती है, तो संगठन राज्यभर में आंदोलन कर सकता है। उन्होंने पत्र में कहा कि कन्नड़ भाषियों के आत्मसम्मान से बढ़कर किसी कलाकार का कार्यक्रम नहीं है।


  • संगठन ने पुलिस अधिकारियों से अपने पत्र पर शीघ्र निर्णय लेने और की गई कार्रवाई की जानकारी लिखित रूप में देने की मांग भी की है। 24 अक्टूबर को होने वाले कार्यक्रम को लेकर अब पुलिस के निर्णय पर नजर है। फिलहाल, कॉन्सर्ट की अनुमति के संबंध में पुलिस की ओर से किसी अंतिम फैसले की जानकारी सामने नहीं आई है।

    Share:

  • भोपाल में आदिवासी छात्रों के ‘जय जोहार’ नारे पर कथित गाली-गलौज का आरोप, वीडियो वायरल होने के बाद थाना प्रभारी निलंबित

    Thu Oct 15 , 2026
    मध्य प्रदेश: (Madhya Pradesh) की राजधानी भोपाल (Bhopal) में अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे आदिवासी छात्रों के साथ कथित अभद्र व्यवहार का मामला सामने आया है। छात्रों के ‘जय जोहार’ (Jai Johar) के नारे लगाने के दौरान पुलिस अधिकारी द्वारा कथित तौर पर गाली-गलौज (Abuse) किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved