बड़ी खबर

भारत में कोरोना संकट नहीं हो रहा कम, संक्रमितों की संख्या 39 लाख के पार पहुंची

नयी दिल्ली । देश में कोरोना वायरस (कोविड-19) संक्रमण के रिकॉर्ड 77 हजार से अधिक नये मामले सामने आने से संक्रमितों का आंकड़ा 39 लाख के पार 39.26 लाख से अधिक हो गया, जबकि 1,060 कोरोना मरीजों की मौत से मृतकों की संख्या 68,500 से अधिक हो गयी।

वायरस के बढ़ते कहर के बीच गुरुवार देर रात तक राहत की बात यह है कि मरीजों के स्वस्थ होने की संख्या में भी वृद्धि जारी है और फिर से रिकवरी दर में आंशिक सुधार दर्ज किया गया। महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक समेत विभिन्न राज्यों से मिली जानकारी के अनुसार आज देर रात तक 77,423 नये मामले सामने आने से संक्रमितों का कुल आंकड़ा 39,26,391 तथा मृतकों की संख्या 68,546 हो गयी है।

वहीं, चिंता की बात यह है कि स्वस्थ होने वाले मरीजों की तुलना में नये संक्रमितों में वृद्धि जारी है जिसके कारण सक्रिय मामलों में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। आज 10,392 मरीज बढ़ने से सक्रिय मामले बढ़कर सवा आठ लाख के पार 8,25,930 पहुंच गये। इस दौरान 64,117 लोगों के स्वस्थ होने से संक्रमण मुक्त होने वालों का आंकड़ा 30,31,513 पर पहुंच गया। देश में सक्रिय मामले 21.03 प्रतिशत और रोगमुक्त होने वालों की दर 77.21 प्रतिशत है जबकि मृतकों की दर 1.74 प्रतिशत है। स्वस्थ होने वाले मरीजों की दर गत दिवस के 77.11 प्रतिशत से सुधरकर 77.21 फीसदी पर पहुंच गयी।

राज्यों से प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक महाराष्ट्र में सबसे अधिक 18105 नये मामले सामने आये। इसके बाद आंध्र प्रदेश में 10,199, कर्नाटक में 8865, तमिलनाडु में 5892, उत्तर प्रदेश में 5662, ओडिशा में 3631, पश्चिम बंगाल में 2984, दिल्ली में 2737, बिहार में 1922, हरियाणा में 1881, मध्य प्रदेश में 1672, केरल एवं राजस्थान में 1553-1553, पंजाब में 1526, गुजरात में 1326 तथा जम्मू-कश्मीर में 1057 नये मामले सामने आये।

कोरोना वायरस महामारी से सबसे गंभीर रूप से प्रभावित महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों के दौरान संक्रमण के रिकॉर्ड 18,105 नये मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या आज रात बढ़कर 8,43,844 पहुंच गयी। राज्य में इस दौरान नये मामलों की तुलना में स्वस्थ हुए लोगों में भी गिरावट दर्ज की गयी तथा इस दौरान 13,988 और मरीजों के स्वस्थ होने से संक्रमण से मुक्ति पाने वालों की संख्या 6,12,484 हो गयी है। राज्य में 391 और मरीजों की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 25,586 हो गयी है।

बतादें कि राज्य में मरीजों के स्वस्थ होने की दर 72.58 प्रतिशत पहुंच गयी जो बुधवार को 72.48 फीसदी थी जबकि मरीजों की मृत्यु दर 3.03 फीसदी रह गयी। राज्य में 3,725 मरीजों की बढ़ोतरी दर्ज किये जाने के बाद चिंता बढ गयी है। राज्य में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या आज 2,05,428 पहुंच गयी जो बुधवार को 2,01,703 रही थी।

Share:

Next Post

रूस ने भारत के साथ जुड़कर कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई, मेक इन इंडिया कार्यक्रम में सक्रिय भूमिका निभायेगा

Fri Sep 4 , 2020
मास्को । रूस ने कहा है कि वह भारतीय रक्षा मंत्रालय और रक्षा उद्योग के साथ मिलकर भारत में ‘ मेक इन इंडिया’ कार्यक्रम में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रतिबद्ध है और इसी कड़ी में भारत में अत्याधुनिक ए के 203 राइफल बनाने के लिए दोनों देशों के बीच संयुक्त उपक्रम की स्थापना पर […]