विदेश

ब्रिटेन में कोरोना का कहर, रिकॉर्ड 55 हजार से ज्यादा नए केस मिले


लंदन । ब्रिटेन (Britain) में कोरोना (Corona) वायरस का नया स्ट्रेन मिलने के बाद महामारी का कहर बढ़ गया है। इस देश में बीते 24 घंटों के दौरान रिकॉर्ड 55 हजार से ज्यादा नए पॉजिटिव केस पाए गए और 964 पीडि़तों की मौत हुई। इस यूरोपीय देश में महामारी शुरू होने के बाद पहली बार एक दिन में इतनी बड़ी संख्या में नए मामले मिले हैं। वहीं अमेरिका के कैलिफोर्निया और कोलोराडो के बाद अब फ्लोरिडा प्रांत में कोरोना की नई स्ट्रेन के मामले सामने आए हैं। यही नहीं रूस में भी संक्रमितों की संख्‍या बढ़ी है।

ब्रिटेन में मिले 55 हजार नए संक्रमित
ब्रिटेन में जारी ताजा डाटा के अनुसार, देशभर में बीते 24 घंटों के दौरान 55 हजार 892 नए संक्रमित पाए गए। यह लगातार तीसरा दिन है, जब 50 हजार से ज्यादा नए मामलों की पुष्टि की गई। इससे देश में पीडि़तों की कुल संख्या 24 लाख 88 हजार से अधिक हो गई है। कुल 73 हजार 512 मरीजों की जान गई है। महामारी की दूसरी लहर की चपेट में आए ब्रिटेन में गत माह कोरोना वायरस का नया स्ट्रेन मिला था। इसके बाद से ही यहां नए मामलों में उछाल दर्ज किया जा रहा है। ब्रिटेन से यह स्ट्रेन दुनिया के कई देशों में पहुंच गया है। कोरोना का यह नया रूप 70 फीसद ज्यादा संक्रामक बताया जा रहा है।

वहीं, रूस में 27 हजार नए रोगी मिलने से पीडि़तों का आंकड़ा 31 लाख 86 हजार से ज्यादा हो गया है। कुल 57 हजार 555 पीडि़तों की मौत हुई है। इसके अलावा थाई राजधानी बैंकाक में कोरोना संक्रमण बढ़ने पर स्कूलों और इंटरटेनमेंट पार्को को बंद कर दिया गया है। यहां 279 नए मामले पाए गए हैं।

अमेरिका और फ्रांस में मिले नए स्ट्रेन के मामले
अमेरिका में कैलिफोर्निया और कोलोराडो के बाद अब फ्लोरिडा प्रांत में कोरोना के नए स्ट्रेन का पहला मामला पाया गया है। प्रांत के मार्टिन काउंटी में 20 साल के एक युवक को पीडि़त पाया गया है। दुनिया में कोरोना महामारी से सबसे ज्यादा जूझ रहे अमेरिका में अब तक करीब दो करोड़ लोग संक्रमित पाए गए हैं। तीन लाख 42 हजार से अधिक पीडि़तों की मौत हुई है। इधर, फ्रांस में दक्षिण अफ्रीका से जुड़े स्ट्रेन का पहला मामला मिला है। पीडि़त व्यक्ति हाल ही में दक्षिण अफ्रीका से लौटकर आया था। जबकि ताइवान में ब्रिटिश स्ट्रेन का दूसरा मामला पाया गया है।

Share:

Next Post

भारतीय सेना ने बनाया मानवाधिकार सेल, मेजर जनरल गौतम चौहान बने पहले अतिरिक्त महानिदेशक

Sat Jan 2 , 2021
नई दिल्ली ।​ ​भारतीय सेना में मानवाधिका​रों से सम्बंधित मामलों की जांच करने के लिए अलग से प्रकोष्ठ का गठन किया गया है​​।​ ​​इस मानवाधिकार प्रकोष्ठ का पहला ​​​अतिरिक्त महानिदेशक मेजर जनरल गौतम चौहान को बनाया गया है​​​। वह भारतीय ​​सेना के उप प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल एसके सैनी के तह​​त काम करेंगे। ​​मेजर जनरल गौतम […]