बड़ी खबर

भारत में कोरोना संक्रमित हुए 68 लाख के पार

नयी दिल्ली । देश में कोरोना संक्रमण के मामलों में लगातार बढ़ोतरी से संक्रमितों का आंकड़ा बुधवार देर रात 68.24 लाख से अधिक हो गया और चिंता की बात यह है कि सक्रिय मामलों की संख्या में फिर से वृद्धि दर्ज की गयी है जो 9.08 लाख पर आ गयी हैं। विभिन्न राज्यों से प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक देर रात तक 70,684 नये मामले सामने आए जिससे संक्रमितों की संख्या 68,24,863 हो गयी है। इस दौरान 868 और मरीजों की मौत होने से मृतकों की संख्या 1,05,459 हो गयी।

इस बीच राहत की बात यह है कि देश में नये मामलों की तुलना में कोरोना की महामारी से निजात पाने वालों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। इस दौरान 68,908 और लोगों के स्वस्थ होने से रोग मुक्त लोगों की संख्या 58,10,161 हो गयी है। देश में कोरोना संक्रमण के नये मामलों में वृद्धि होने और स्वस्थ मरीजों में तुलनात्मक कमी आने के कारण सक्रिय मामले 398 और बढ़कर 9,08,281 रह गये।

महाराष्ट्र 2,44,527 सक्रिय मामलों के साथ शीर्ष पर है। महाराष्ट्र में संक्रमण के 14,578 नये मामले सामने आने से संक्रमितों की संख्या बढ़कर 14,80,489 पहुंच गयी। राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान नये मामलों की तुलना में स्वस्थ हुए लोगों की संख्या में वृद्धि दर्ज की गयी जिसके कारण सक्रिय मामलों में कमी आयी है। सक्रिय मामलों की संख्या 2,496 और घटकर 2,44,527 रह गयी।

इस दौरान 16,715 और मरीजों के स्वस्थ होने से संक्रमण से मुक्ति पाने वालों की संख्या 11,96,441 हो गयी है तथा 355 और मरीजों की मौत होने से मृतकों की संख्या 39,072 हो गयी है। राज्य में मरीजों के स्वस्थ होने की दर बढ़कर 80.81 फीसदी पहुंच गयी है जबकि मृत्यु दर महज 2.63 प्रतिशत है। इसके बाद कर्नाटक एक लाख से अधिक 1,16,153 मामलों के साथ दूसरे स्थान पर है जबकि केरल 92,161 सक्रिय मामलों के साथ तीसरे स्थान पर है।

Share:

Next Post

विजयवर्गीय का कटाक्ष-जनता ममता सरकार को कर देगी पूरी तरह से बंद

Thu Oct 8 , 2020
कोलकता। पश्चिम बंगाल के राज्य सचिवालय ‘ नबान्न’, गुरुवार व शुक्रवार को साफ-सफाई के लिए बंद करने पर भाजपा के महासचिव व प्रदेश भाजपा के केंद्रीय प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय ने कटाक्ष किया है। गुरुवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा के नबान्न अभियान के दिन सैनिटाइजेशन के लिए सचिवालय को दो दिनों तक बंद करने पर […]