बड़ी खबर

देश में धीमी हुई कोरोना की रफ्तार, उबरने की दर 92.49 फीसद, 78 लाख से ज्यादा महामारी को दे चुके मात

नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या 85 लाख को पार कर गई है, लेकिन सुकून बात यह है कि संक्रमण की रफ्तार धीमी हो रही है और 15 अक्टूबर के बाद से नए मामलों में गिरावट का रुख बना हुआ है। एक दिन को छोड़ दें तो पिछले दो हफ्तों से प्रतिदिन 50 हजार से कम नए मामले सामने आ रहे हैं। इसमें दो दिन तो 40 हजार से कम नए केस मिले थे। एक समय था जब एक दिन में नए मामलों की संख्या एक लाख तक पहुंच गई थी। महामारी से प्रतिदिन होने वाली मौतों में भी गिरावट का क्रम बना हुआ है। वहीं, रोजाना नए मामलों से अधिक मरीजों के ठीक होने का सिलसिला भी कायम है। सक्रिय मामले पांच लाख से कुछ ही अधिक रह गए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से रविवार सुबह आठ बजे जारी आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटों में 45,674 नए मामले मिले हैं और कुल मामले 85.07 लाख हो गए हैं। इस दौरान 559 लोगों की मौत हुई है और 49,082 मरीज ठीक भी हुए हैं। इसके साथ ही महामारी से अब तक 1,26,121 मरीजों की जान जा चुकी है और 78.68 लाख मरीज महामारी को मात दे चुके हैं। मरीजों के उबरने की दर बढ़कर 92.49 फीसद और मृत्युदर घटकर 1.48 प्रतिशत रह गई है। सक्रिय मामले 5.12 लाख हैं, जो कुल मामलों का 6.03 फीसद है।

शनिवार को 11.94 लाख कोरोना टेस्ट

भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद के मुताबिक कोरोना संक्रमण का पता लगाने के लिए शनिवार को 11 लाख 94 हजार 487 नमूनों की जांच की गई। इनको मिलाकर सात नवंबर तक कुल 11 करोड़ 77 लाख, 36 हजार से अधिक नमूनों का परीक्षण किया जा चुका है।

सक्रिय मामलों से 73.56 लाख अधिक मरीज हुए ठीक

स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि स्वस्थ होने वाले मरीजों और सक्रिय मामलों यानी उपचाराधीन मरीजों के बीच का दायरा भी लगातार बढ़ रहा है। इस समय सक्रिय मामलों से 73.56 लाख अधिक मरीज ठीक हो चुके हैं। लगातार 37 दिनों से नए मामलों से अधिक संख्या में मरीज ठीक हो रहे हैं। मंत्रालय ने बताया कि कोरोना महामारी से मृत्युदर में भी लगातार गिरावट आ रही है। अभी औसत राष्ट्रीय मृत्युदर 1.48 फीसद है, लेकिन 22 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में मृत्युदर इससे भी कम है।

Share:

Next Post

कम्प्यूटर बाबा गिरफ्तारी को लेकर दिग्विजय सिंह ने भाजपा सरकार पर बोला हमला

Sun Nov 8 , 2020
नई दिल्ली। मध्यप्रदेश की 28 विधानसभा सीटों के हालिया उपचुनावों के नतीजों की घोषणा से महज दो दिन पहले जिला प्रशासन ने कम्प्यूटर बाबा (Computer Baba) पर रविवार को शिकंजा कस दिया। अधिकारियों ने बताया कि कम्प्यूटर बाबा के आश्रम परिसर के कथित अवैध निर्माणों को जमींदोज किए जाने के साथ ही बाबा समेत सात […]